CM Yogi, Akhilesh Yadav and Mayawati (Photo: PTI)
CM Yogi, Akhilesh Yadav and Mayawati (Photo: PTI)
योगी सरकार की तरफ से यूपी में नेताओं की सुरक्षा भी मजबूत करने के लिए कार्रवाई की जा रही है. उत्तर प्रदेश में 52 नेताओं के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट खरीदी गई हैं. इनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती समेत कई बड़े नेता शामिल हैं. इन सभी नेताओं को अलग-अलग श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है. इनमें Z से लेकर Z+ श्रेणी तक की सुरक्षा वाले नेता शामिल हैं. प्रदेश सरकार के Y श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त मंत्री भी इस सूची में हैं.
दो चरणों नेताओं को मिलेगी जैकेट
सुरक्षा व्यवस्था के तहत 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दी जाएगी. यह काम दो चरणों में किया जाएगा. पहले चरण में 8 नेताओं को जैकेट दी जाएगी. इसके बाद दूसरे चरण में 44 नेताओं को जैकेट दी जाएगी. दरअसल, सुरक्षा मुख्यालय की ओर से हर साल बुलेटप्रूफ जैकेट खरीदी जाती है. ये जैकेट अलग-अलग श्रेणी की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों और नेताओं के लिए होती हैं. सुरक्षा में लगे जवानों की जरूरत के हिसाब से भी इनका इस्तेमाल किया जाता है. इस बार सुरक्षा प्राप्त नेताओं और अहम लोगों के लिए जैकेट उपलब्ध कराई जा रही हैं. इसका मकसद खतरे की स्थिति में सुरक्षा को और मजबूत करना है.
Z श्रेणी में बुलेटप्रूफ जैकेट देना जरूरी
सुरक्षा व्यवस्था में अलग-अलग श्रेणियां होती हैं. Z श्रेणी की सुरक्षा पाने वाले व्यक्ति को बुलेटप्रूफ जैकेट देना अनिवार्य होता है. ऐसे लोगों को सुरक्षा का ज्यादा खतरा माना जाता है.
Y श्रेणी में कैसे दी जाती है बुलेटप्रूफ जैकेट
Y श्रेणी की सुरक्षा वाले लोगों के मामले में नियम थोड़ा अलग है. उन्हें खतरे के आकलन के आधार पर बुलेटप्रूफ जैकेट दी जाती है. यानी हर Y श्रेणी वाले व्यक्ति को जैकेट देना जरूरी नहीं होता. इस बार Y श्रेणी की सुरक्षा पाने वाले कई मंत्रियों को भी जैकेट दी जा रही है. इसमें संजय निषाद, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, ओम प्रकाश राजभर, स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह और महेंद्र सिंह समेत कई नाम शामिल हैं.
यूपी में 98 नेताओं को मिली है Y और Z प्लस सुरक्षा
यूपी में इस समय 98 नेताओं और महत्वपूर्ण लोगों को अलग-अलग श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है. इसमें Y से लेकर Z प्लस तक की सुरक्षा शामिल है. इनमें से 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दी जाएगी. सुरक्षा मुख्यालय ने इसी हिसाब से जैकेट की व्यवस्था की है. सुरक्षा श्रेणी और खतरे के स्तर को देखते हुए जैकेट उपलब्ध कराई जा रही हैं. आपको मालूम हो कि Z और Z+ श्रेणी में आने वाले नेताओं को पहले से ही कड़ी सुरक्षा मिलती है. इन नेताओं के साथ सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं. बुलेटप्रूफ जैकेट उनकी सुरक्षा व्यवस्था का एक और अहम हिस्सा है.