scorecardresearch

UP Lekhpal Exam: उत्तर प्रदेश के 44 जिलों में संपन्न हुई लेखपाल भर्ती परीक्षा, 3.6 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आजमाया भाग्य

उत्तर प्रदेश राजस्व विभाग में लेखपाल के रिक्त पदों को भरने के लिए राज्य के 44 जिलों में रविवार को एक ही पाली (सुबह 10 से दोपहर 12 बजे) में भर्ती परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई. इस परीक्षा के लिए कुल 3,66,712 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिसके लिए प्रशासन ने 861 परीक्षा केंद्र बनाए थे.

UP Lekhpal Exam UP Lekhpal Exam

उत्तर प्रदेश में राजस्व विभाग में लेखपाल के खाली पदों पर भर्ती के लिए रविवार को भर्ती परीक्षा आयोजित की गई. राज्य के 44 जिलों में बने 861 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा एक ही पाली में कराई गई. इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 3 लाख 66 हजार 712 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था. सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर उम्मीदवारों की भीड़ देखने को मिली और कई जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई.

इन जिलों में सबसे ज्यादा अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
लेखपाल भर्ती परीक्षा में प्रदेश के कई बड़े जिलों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए. लखनऊ, वाराणसी, कानपुर नगर, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, आगरा, प्रयागराज, मुरादाबाद, गाजियाबाद, सहारनपुर, अलीगढ़ और झांसी जैसे जिलों में 10 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने परीक्षा दी. परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला, क्योंकि लंबे समय से युवा इस भर्ती का इंतजार कर रहे थे.

प्रयागराज में बनाए गए थे खास इंतजाम
संगम नगरी प्रयागराज में भी लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर व्यापक तैयारी की गई थी. यहां 34 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई, जहां कुल 13 हजार 752 परीक्षार्थी पंजीकृत थे. परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक पाली में संपन्न हुई. परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए जिले को 34 सेक्टरों में बांटा गया था. इसके साथ ही हर परीक्षा केंद्र पर निगरानी के लिए 34 स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए थे.

नकल रोकने के लिए रही सख्ती
परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए प्रशासन की ओर से खास इंतजाम किए गए थे. परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी और निगरानी पर विशेष ध्यान दिया गया. अधिकारियों का उद्देश्य था कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न हो और किसी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे.

कैसा रहा प्रश्न पत्र?
परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्न पत्र को मॉडरेट से लेकर थोड़ा कठिन बताया. कई उम्मीदवारों का कहना था कि पेपर में लगभग हर विषय से सवाल पूछे गए थे. खासतौर पर कंप्यूटर और टेक्नोलॉजी से जुड़े प्रश्नों की संख्या अधिक रही, जिसने कई अभ्यर्थियों को थोड़ा चौंकाया. हालांकि, उम्मीदवारों का मानना है कि इस बार मेरिट अपेक्षाकृत कम जा सकती है. कई परीक्षार्थियों ने अनुमान लगाया कि करीब 75 सवाल सही होने पर चयन की संभावना बन सकती है.

दीपावली तक नौकरी की उम्मीद
परीक्षा देने पहुंचे कई अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि इस बार उनका चयन हो जाएगा. कुछ उम्मीदवारों ने मुस्कुराते हुए कहा कि वे इस साल दीपावली लेखपाल की नौकरी और वेतन के साथ मनाना चाहते हैं. अब सभी की नजरें भर्ती के अगले चरण और रिजल्ट पर टिकी हुई हैं.
 

ये भी पढ़ें