scorecardresearch

रियल लाइफ मनी हाइस्ट... आयकर विभाग का फर्जी अधिकारी बनकर लुट की कोशिश, 2 फरार

जौनपुर में फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर आए 5 बदमाशों ने एक सर्राफा कारोबारी की दुकान में फिल्मी अंदाज में लूट की कोशिश की. शोर मचाने पर ग्रामीणों ने 3 आरोपियों को बोलेरो समेत पकड़ लिया. 2 आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है.

AI made Image AI made Image

जौनपुर के रामपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने सभी को हैरान कर दिया. पांच बदमाश खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर एक सर्राफा कारोबारी की दुकान पर पहुंचे और जांच के बहाने सोने-चांदी के जेवर अपने कब्जे में लेने लगे. हालांकि कारोबारी की सूझबूझ और लोगों की सतर्कता से उनकी योजना पूरी नहीं हो सकी. शोर मचते ही ग्रामीणों ने पीछा कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि दो मौके से फरार हो गए. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार बदमाशों की तलाश जारी है.

फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर पहुंचे पांच बदमाश
घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे की है. पुलिस के अनुसार, बोलेरो में सवार पांच लोग खुद को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताते हुए रामपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर पुरानी बाजार स्थित दिनेश बरनवाल की सर्राफा दुकान पर पहुंचे. उन्होंने जांच का हवाला देते हुए दुकान की तलाशी शुरू कर दी.

जांच के नाम पर लॉकर से निकलवाए जेवर
बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी से दुकान के लॉकर में रखे सोने और चांदी के गहने बाहर निकलवाए. इसके बाद वे अलग-अलग सामान को अपने साथ लाए बैग में पैक करने लगे. शुरुआत में कारोबारी को लगा कि वास्तव में आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है, इसलिए उसने उनका सहयोग किया.

विरोध करने पर कारोबारी और पत्नी से मारपीट
जब कारोबारी ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताई तो आरोपियों ने उसके साथ और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की. इतना ही नहीं, बदमाशों ने कारोबारी का लाइसेंसी रिवॉल्वर भी अपने कब्जे में ले लिया. रिवॉल्वर जब्त किए जाने के बाद कारोबारी को शक हुआ कि सामने खड़े लोग असली अधिकारी नहीं, बल्कि ठग हैं.

शोर मचते ही ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा
शक होते ही कारोबारी और उसकी पत्नी ने दुकान के अंदर से जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया. उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया. इस दौरान दो आरोपी पैदल ही मौके से फरार हो गए, जबकि तीन बदमाशों को बोलेरो समेत पकड़ लिया गया.

पुलिस पहुंची, गाड़ी का नंबर भी निकला फर्जी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शाम करीब 5 बजे तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया. जांच के दौरान जब पुलिस ने बोलेरो के नंबर की पड़ताल की तो पता चला कि वाहन पर लगा नंबर एक बाइक का है. इससे साफ हुआ कि बदमाश फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे.

तीन आरोपी हिरासत में, दो की तलाश जारी
क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी ने बताया कि तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में दो जौनपुर और एक वाराणसी का रहने वाला है. वहीं, फरार हुए दो बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की टीमें लगातार सघन तलाशी अभियान चला रही हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों का कोई बड़ा गिरोह तो इस वारदात के पीछे सक्रिय नहीं है.

ये भी पढ़ें