उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. देहरादून और टिहरी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं, देहरादून और टिहरी में आकाशीय बिजली के साथ अत्यंत तीव्र से बेहद तीव्र बारिश के दौर भी हो सकते हैं.
मौसम विभाग के अनुसार पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और हरिद्वार जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा राज्य के बाकी जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है.
स्कूल हुए बंद
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए 1 सितंबर को पौड़ी और देहरादून जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है. प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
मसूरी मार्ग पर भूस्खलन से रास्ता हुआ बाधित
देहरादून में सोमवार शाम तेज बारिश के बाद मसूरी मार्ग पर भूस्खलन की वजह से रास्ता बाधित हो गया था, जिसे देर रात खोल दिया गया. मसूरी हाईवे पर लगातार कई प्वाइंट संवेदनशील बने हुए हैं और भारी बारिश के चलते ये बार-बार ब्लॉक हो रहे हैं. वहीं, देहरादून में रिस्पांस नदी भी पूरे उफान पर बहने लगी है.
उत्तराखंड में तेज बारिश, हल्द्वानी में सबसे ज्यादा 152 मिमी वर्षा
देहरादून में उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई है. जिला वर्षा आंकड़ों के अनुसार नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सर्वाधिक 152.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके बाद नैनीताल जिले के चोरगलिया में 134.0 मिमी, देहरादून जिले के मालदेवता में 133.0 मिमी, देहरादून जिले के कालसी में 119.5 मिमी और नैनीताल जिले के कालाढूंगी में 116.0 मिमी बारिश दर्ज हुई.
पिछले तीन घंटे में भी कई इलाकों में तेज बारिश
पिछले तीन घंटों के आंकड़ों में देहरादून जिले के कालसी में सर्वाधिक 50.5 मिमी, पोखरी में 47.0 मिमी, पिथौरागढ़ जिले के झूलाघाट में 44.0 मिमी, डीडीहाट में 39.5 मिमी और पौड़ी जिले में 33.5 मिमी बारिश दर्ज हुई. लगातार बारिश को देखते हुए संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बना हुआ है.
ये भी पढ़ें