scorecardresearch

CCTV कैमरे, सोलर लाइट्स... 12 किमी लंबा ग्रीन एलिवेटेड कॉरिडोर की सौगात देंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड में देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेसवे समेत कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका 12 किलोमीटर लंबा ग्रीन एलिवेटेड कॉरिडोर है. इस हाईवे पर आधुनिक सुविधाएं जैसे सीसीटीवी कैमरे और सोलर लाइटें लगाई गई हैं.

PM Modi (Photo/PTI) PM Modi (Photo/PTI)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे, जहां वे देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेसवे समेत कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इस एक्सप्रेसवे की सबसे खास बात ये है कि इसमें 12 किलोमीटर लंबा ग्रीन एलिवेटेड कॉरिडोर है. इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी भी तय मानी जा रही है.

12 किमी लंबा ग्रीन एलिवेटेड कॉरिडोर-
प्रधानमंत्री सहारनपुर के गणेशपुर में हेलीकॉप्टर से पहुंचकर ग्रीन एलिवेटेड कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की सबसे बड़ी खासियत इसका 12 किलोमीटर लंबा ग्रीन एलिवेटेड कॉरिडोर है, जो राजाजी नेशनल पार्क के संवेदनशील वन क्षेत्र से होकर गुजरता है. इस हाईवे पर आधुनिक सुविधाएं जैसे सीसीटीवी कैमरे और सोलर लाइटें लगाई गई हैं, जिससे सुरक्षा और यात्रा दोनों अधिक सुविधाजनक हो जाएगी.

6 लेन रोड है दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे-
दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे करीब 210 किलोमीटर लंबा 6-लेन मार्ग है, जो दिल्ली के अक्षरधाम को देहरादून से जोड़ेगा. इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद यात्रा समय 6–7 घंटे से घटकर लगभग 2.5 से 3 घंटे होने का दावा किया जा रहा है.

पीएम मोदी खास मंदिर में करेंगे पूजा-
पीएम मोदी एक्सप्रेसवे और ग्रीन कॉरिडोर का उद्घाटन करने के साथ ही माँ डाट काली की विशेष पूजा अर्चना करेंगे. इस अवसर पर मंदिर को वृंदावन और पश्चिम बंगाल से मंगाए गए करीब 100 किलो गेंदे, गुलाब और चमेली के फूलों से सजाया जा रहा है, जिससे पूरे परिसर को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है.

क्या है मंदिर की कहानी-
मंदिर का इतिहास भी बेहद रोचक है और यह सड़क व टनल निर्माण से जुड़ा हुआ है। बताया जाता है कि वर्ष 1804 में देहरादून-दिल्ली मार्ग के निर्माण के दौरान यहां बनने वाली टनल बार-बार ढह जाती थी. स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, निर्माण कार्य से जुड़े एक अंग्रेज इंजीनियर को सपने में मां काली ने दर्शन दिए और उसी स्थान पर अपनी पिंडी स्थापित करने का संकेत दिया. हालांकि उस इंजीनियर का नाम किसी आधिकारिक दस्तावेज में दर्ज नहीं है. पिंडी स्थापित होने के बाद निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हुआ और तभी से इस स्थान को ‘डाट काली’ कहा जाने लगा, क्योंकि स्थानीय भाषा में टनल को ‘डाट’ कहा जाता है. मान्यता है की जब भी कोई शुभ कार्य करता है विशेषकर नया वाहन ख़रीदता है तो माँ की विशेष पूजा अर्चना ज़रूरी करता है. 

रोड शो के भी करेंगे पीएम मोदी-
डाट काली की पूजा के बाद प्रधानमंत्री रोड शो करेंगे. प्रधानमंत्री का देहरादून में करीब 12 से 14 किलोमीटर लंबा रोड शो प्रस्तावित है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है. इसके बाद वे महिंद्रा ग्राउंड में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां करीब एक लाख लोगों के जुटने का अनुमान है.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुसार पीएम का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण है. प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उनके दौरे के दौरान कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास हो सकता है.

(अंकित शर्मा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: