वैशाली में महिला ने फुफेरे भाई से की दूसरी शादी
वैशाली में महिला ने फुफेरे भाई से की दूसरी शादी
बिहार के वैशाली जिला से एक अनोखा मामला सामने आया है. शादी के बाद 15 साल बाद, तीन बच्चों की मां ने फुफेरे भाई गोबिंद कुमार से शादी कर ली है. पहली शादी के 10 साल बाद शुरू हुआ था भाई के साथ प्रेम प्रसंग. हलांकि महिला के पूर्व पति ने खुद विवाह का गवाह बन महिला की शादी प्रेमी से करवा दी है.
2011 में हुई थी पहली कोर्ट मैरिज
रानी कुमारी जंदाहा की रहने वाली हैं. उनकी पहली शादी वर्ष 2011 में कुंदन कुमार से कोर्ट मैरिज के जरिए हुई थी. कुंदन जंदाहा के अहिरपुर के निवासी हैं और अपने घर पर ग्राहक सेवा केंद्र यानी सीएसपी चलाते हैं. इस शादी से उनके तीन बच्चे हुए. हालांकि रानी के तीनों बच्चे अब कुंदन कुमार के साथ ही रहेंगे. रानी ने भी साफ तौर पर कहा है कि बच्चे अपने पिता के पास ही रहेंगे और वह उनके भविष्य में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं करेंगी.
पांच साल पुराना प्रेम प्रसंग
बताया गया कि रानी का पिछले पांच साल से अपने फुफेरे भाई गोबिंद कुमार से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इस रिश्ते के चलते रानी पहले भी कई बार अपने पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के पास जाया करती थीं. रानी दो-तीन साल पहले भी घर छोड़कर चली गई थीं. जब कुंदन कुमार जम्मू में रहते थे, तब भी वह कई बार वहां चली जाती थीं. करीब डेढ़ महीने पहले भी उनके पूर्व पति कुंदन उन्हें जम्मू से वापस लेकर आए थे.
पूर्व पति ने क्यों करवाई शादी
कुंदन कुमार अपनी पत्नी के इस व्यवहार से पूरी तरह तंग आ चुके थे. रानी ने अंततः यह साफ कर दिया कि वह गोबिंद कुमार के साथ ही रहना चाहती हैं और पहले पति के साथ नहीं रहेंगी. रानी की इच्छा को देखते हुए कुंदन कुमार ने गोबिंद कुमार से उनकी कोर्ट मैरिज करवा दी. इतना ही नहीं, वह खुद इस विवाह में गवाह भी बने और खुशी-खुशी रानी को पूरे सम्मान के साथ विदा किया.
दूसरे पति का भरोसा
शादी के बाद, दूसरे पति गोबिंद कुमार ने विश्वास जताया कि रानी अब उन्हें छोड़कर पहले पति और बच्चों के पास कभी नहीं जाएंगी. उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी.
रानी ने रखी अपनी बात
रानी कुमारी ने कहा कि वह पहले पति के साथ नहीं रहना चाहती थीं. उनके अनुसार कुंदन के साथ रहना उनके लिए तकलीफ भरा था. उन्होंने साफ कहा कि वह गोबिंद से ही शादी करना चाहती थीं.
वहीं पहले पति कुंदन कुमार ने बताया कि रानी की बातचीत गोबिंद से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर होती थी. इसी दौरान दोनों के बीच रिश्ता गहरा हो गया. इसी कारण उन्होंने रानी को 'आजाद' करने का फैसला लिया था.
(रिपोर्ट- विकास कुमार)
ये भी पढ़ें
ये भी देखें