scorecardresearch

आज कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, बिहार-ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी, उत्तर भारत में गर्मी-उमस; जानें दिल्ली समेत राज्यों का हाल

मानसून की सक्रियता के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 9 सितंबर को पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है.

Advertisement
Weather Update, 9 September 2026 Weather Update, 9 September 2026
हाइलाइट्स
  • 14 सितंबर तक कई राज्यों में सक्रिय रहेगा मानसून

  • उत्तर भारत में अभी गर्मी का असर

मानसून की सक्रियता के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक आज 9 सितंबर को कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. पूर्वी, मध्य और प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी. वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में मौसम गर्म और उमस भरा रह सकता है. बिहार और ओडिशा में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.

दिल्ली में गर्मी बरकरार हल्की बारिश के आसार
राजधानी दिल्ली में आज मौसम गर्म रहने की संभावना है. आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं और दिन में धूप-छांव का दौर देखने को मिल सकता है. तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि दोपहर से शाम के बीच कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. फिलहाल दिल्ली के लिए मौसम विभाग ने कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया है.

बिहार में बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी
बिहार में आज मौसम बदला हुआ रह सकता है. कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने राज्य में भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है.

ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट
ओडिशा में आज बारिश के साथ आंधी-तूफान जैसी स्थिति बन सकती है. कुछ हिस्सों में भारी बारिश, बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है. आने वाले दिनों में भी राज्य में बारिश का दौर जारी रह सकता है. 10 सितंबर को ओडिशा के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है.

उत्तराखंड में दोपहर बाद बारिश के आसार
उत्तराखंड में आज मौसम मुख्य रूप से बादल वाला रह सकता है. दोपहर के बाद कई जगहों पर बारिश के स्पेल देखने को मिल सकते हैं. मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज से बहुत तेज बारिश की संभावना जताई है. पहाड़ी इलाकों में रहने वाले और यात्रा करने वाले लोगों को मौसम पर नजर रखने की जरूरत है.

हरियाणा-पंजाब-राजस्थान में गर्मी का असर
हरियाणा में आज मौसम गर्म रहने की संभावना है और तापमान करीब 37 डिग्री तक पहुंच सकता है. पंजाब में तापमान करीब 38 डिग्री तक जा सकता है. दोनों राज्यों के लिए फिलहाल कोई बड़ा मौसम अलर्ट नहीं है. राजस्थान में भी आज मौसम मुख्य रूप से गर्म और साफ रहने की संभावना है. यहां तापमान करीब 36 डिग्री रह सकता है.

मध्य भारत और बंगाल में भी बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 10 से 14 सितंबर के बीच दोनों राज्यों में कई जगहों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है. वहीं पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, बिहार और ओडिशा समेत पूर्वी भारत में 8 से 14 सितंबर तक व्यापक बारिश का दौर बना रह सकता है.

दक्षिण भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून
दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश बढ़ने की संभावना है. तमिलनाडु, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 10 से 14 सितंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु में 8 से 12 सितंबर के बीच तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है.

ये भी पढ़ें: