scorecardresearch

Aaj Ka Mausam 8 March 2026: दिल्ली-एनसीआर में मौसम रहेगा साफ, यूपी-बिहार सहित 8 राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानें आपके यहां आज कैसा रहेगा वेदर?

Aaj ka Mausam kaisa Rahega: देश के अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ रहा है. दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. आइए जानते हैं रविवार को कहां और कैसा मौसम रहेगा. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 8 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में जहां मौसम साफ रहेगा, वहीं यूपी, बिहार सहित 8 राज्यों में बारिश होने की संभावना है. 

Weather Update Weather Update

Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक एक बार फिर देश के कई हिस्सों में मौसम बदलने वाला है. IMD ने 8 मार्च 2026 के लिए उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी-पानी की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दिल्ली-एनसीआर में जहां मौसम साफ रहेगा, वहीं यूपी, बिहार सहित 8 राज्यों में बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ है. इसी के चलते पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मौसम का मिजाज बदल रहा है. एक ट्रफ बनने से कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के तटीय हिस्सों पर आंधी-पानी के आसार हैं. इसका कुछ असर महाराष्ट्र और गुजरात में भी पड़ेगा. 

इन राज्यों में बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग ने 8 मार्च को जिन 8 राज्यों में बारिश की संभावना व्यक्त की है, उनमें बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा और राजस्थान शामिल हैं. इन जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है. 8 से 13 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है.

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम 
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में रविवार को मौसम साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. कई स्थानों पर पारा नॉर्मल से ऊपर जा सकता है. 8 मार्च को सुबह के समय हवा की रफ्तार पश्चिम दिशा से 10 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है, दोपहर तक हवा की स्पीड 16 किलोमीटर प्रति घंटे होगी.मौसम विभाग के मुताबिक 9 और 10 मार्च को आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग का अनुमान है कि वीकेंड पर न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

यूपी-बिहार में छाएंगे बादल 
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश और बिहार में रविवार को कई जगहों पर बादल छाए रहेंगे. कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी होने की संभावना है. बिहार में 9 और 10 मार्च को गरज-चमक और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक इस साल यूपी में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ सकती है. बुंदेलखंड में अभी से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है. अनुमान है कि अगले 10 दिन में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. यदि 40 डिग्री सेल्सियस को तापमान टच करेगा तो हीटवेव का अलर्ट घोषित कर दिया जाएगा. फिलहाल, राज्य में 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिससे लू जैसे थपेड़े लग रहे हैं. 

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश-बर्फबारी की संभवान 
मौसम विभाग के मुताबिक 8 मार्च से नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है. इसके चलते उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है. आईएमडी का अनुमान है कि मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट हो सकती है. पश्चिमी विक्षोभ से सबसे अधिक उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिले प्रभावित होंगे. अगले कई दिनों तक गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ में बर्फबारी जारी रहने से न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा. 

जम्मू-कश्मीर में ठंड से अभी राहत नहीं 
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से जम्मू-कश्मीर के ऊपरी हिस्सों में कई जगहों पर बादल छाए हुए हैं और बारिश के साथ बर्फबारी भी हो रही है. इससे लोगों को कड़ाके की सर्दी का ऐहसास हो रहा है. हालांकि, मैदानी इलाकों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढ़ता जा रहा है. आईएमडी के मुताबिक 8 से 10 मार्च तक मौसम बदला रहेगा और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. 12 मार्च तक बादल छाए रहने के अनुमान हैं. अभी घाटी समेत अन्य स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से ऊपर और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है.

तमिलनाडु और केरल में बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत में प्री मॉनसून की एंट्री हुई है. आने वाले दिनों में मन्नार की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने से तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के तटीय हिस्सों पर बादल छाए रहेंगे. अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तमिलनाडु और केरल में तेज धूल भरी आंधी चल सकती है. गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है. आईएमडी का पूर्वानुमान है कि पश्चिमी घाट के हिस्सों पर एक ट्रफ मौसम को प्रभावित करेगी.