Mansoon (Photo/AI)
Mansoon (Photo/AI)
गर्मी से परेशान और लंबे समय से मॉनसून की बारिश का इंतजार कर रहे मुंबई के लोगों को राहत मिली. असल में मुंबई में झमाझम बारिश का दौर शुरु हो चुका है. मौसम के जानकारों ने भी बता दिया है कि जल्द ही मॉनसून मुंबई में भी पहुंचने वाला है. अगले 48 घंटे में शहर में मॉनसून दस्तक दे सकता है. जबकि दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में उसकी प्रतीक्षा की जा रही है.
मुंबई में 48 घंटे में दस्तक दे सकता है मॉनसून-
मुंबई में आज दिन की शुरुआत बारिश के साथ हुई. तो मॉनसून जैसा माहौल बन गया. पिछले दिनों तपिश से झुलस रही धरती को तरावट मिल गई. हालांकि, हकीकत यह है कि मुंबई में कल से अभी तक हुई बारिश को प्री-मॉनसून बारिश ही कहा जा रहा है, क्योंकि असल में मौसम के जानकारों के अनुसार मुंबई तट पर मॉनसून अगले 48 घंटे में दस्तक दे सकता है. दक्षिण पश्चिम मॉनसून अरब सागर के मध्य की ओर बढ़ चुका है. परिस्थितियां अनुकूल हैं, लिहाजा, इसके अब तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है.
मुंबई में येलो अलर्ट-
मुंबई के आसमान में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. जबकि कई इलाकों में हल्की बारिश भी हो रही है. वहीं, कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चल रही हैं. इस बीच, मौसम विभाग ने मुंबई में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है और आंधी-बारिश की चेतावनी भी दी है. मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी शहर के कई इलाकों में सीजन की पहली अच्छी बारिश दर्ज की गई और अभी भी बरसात जारी रहने के पूरे आसार हैं. मुंबई में हर साल मॉनसून में मूसलाधार बारिश होती है. हालांकि, इस बार पूरे महाराष्ट्र में मॉनसून की रफ्तार सुस्त है. जिसका असर मुंबई में भी देखने को मिल रहा है.
आमतौर पर 11 जून को पहुंचता है मॉनसून-
आमतौर पर मॉनसून मुंबई में 11 जून तक पहुंच जाता है. इस बार भी इसके लिए अरब सागर में भरपूर नमी भी मौजूद थी. लेकिन सूखी और ठंडी हवा के कारण बादल कमजोर पड़ गए. मुंबई में बारिश लाने वाले बादलों को 'क्यू-म्य-लो-निम्बस' या तूफानी बादल कहा जाता है. ये बादल तब बनते हैं, जब जमीन से गर्म और नम हवा तेजी से ऊपर उठती है और ठंडी होकर पानी की बूंदों में बदल जाती है. अगर बादलों में लगातार सूखी हवा मिलती रहे, तो मानसून की बारिश शुरू होने में देर होती है. यही वजह है कि इस बार मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई इलाकों में दक्षिण पश्चिम मॉनसून की एंट्रूी टलती गई और मॉनसून का इंतजार बढ़ता गया.
मौसम विभाग के अनुसार इस महीने की शुरुआत में मॉनसून दक्षिण कोंकण तक पहुंच गया था, लेकिन 8 जून से सोलापुर के पास रुका हुआ था. अब पश्चिमी घाट में बादल बनने से मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश शुरु हुई है. उम्मीद है कि अगले एक-दो दिन में दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों और आगे के इलाकों में बढ़ेगा. फिर मुंबई में भी मॉनसून की झमाझम बारिश होगी.
मॉनसून पकड़ेगी रफ्तार-
वैसे तो मॉनसून की रफ्तार अभी धीमी है. लेकिन मौसम विभाग ने कहा है कि 23 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के महाराष्ट्र और इससे आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं. मौसम के जानकारों का कहना है कि मॉनसून की शुरुआत इस बार भले ही थोड़ी देरी से हुई है. लेकिन अब जो बारिश शुरू हो गई है. वह आगे भी जारी रह सकती है. जिससे मुंबईवासियों को गर्मी और उमस से राहत का एहसास हो सकता है.
दिल्ली में करना होगा लंबा इंतजार-
दिल्ली में मॉनसून का इंतजार लंबा हो गया है. पिछले साल मॉनसून ने राजधानी में 29 जून को दस्तक दी थी. जबकि सामान्य तौर पर मॉनसून दिल्ली में 27 जून के आसपास पहुंचता है. लेकिन इस बार इंतजार और भी लंबा हो गया है. मौसम विभाग के मुताबिक इस साल दिल्ली में मॉनसून 6 जुलाई से 10 जुलाई तके बीच पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.
ये भी पढ़ें: