Aaj Ka Mausam,
Aaj Ka Mausam,
Aaj Ka Mausam, 25 February 2026: देश से सर्दी जा रही है और गर्मी धीरे-धीरे आ रही है. इसके कारण मौसम के कई रूप देखने को मिल रहे हैं. उत्तर भारत में दिन में लगातार तापमान ऊपर चढ़ रहा है. हालांकि सुबह और शाम गुलाबी सर्दी का एहसास अभी भी हो रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 7 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. यहां आप पढ़ सकते हैं दिल्ली-एनसीआर, यूपी-बिहार से लेकर अन्य राज्यों के मौसम का हाल.
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
आईएमडी ने अगले 24 घंटों में जिन 7 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, उनमें असम, सिक्किम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना शामिल हैं. मौसम विभाग के मुताबिक 25 और 26 फरवरी को पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में हल्की बारिश हो सकती है. बारिश के चलते इन राज्यों के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की कमी आएगी. इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. इतना ही नहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की चेतावनी भी जारी की गई है.
13 जिलों में घना कहरा
मौसम विभाग उत्तर भारत के 13 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट भी जारी किया है. जिन जिलों में घने कोहरे छाए रहेंगे उनमें उत्तर प्रदेश के बरेली, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर, हिमाचल प्रदेश के मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर और शिमला, पंजाब के अमृतसर, पटियाला, फरीदकोट, फिरोजपुर और गुरदासपुर शामिल हैं.
दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम
IMD के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 25 फरवरी 2026 को पारा 31°C तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़त और 25 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को मौसम साफ रहेगा. बारिश की संभावना नहीं है. दिल्ली-एनसीआर की हवा अभी भी बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की जा रही है. सबसे अधिक प्रदूषण आनंद विहार में, जहां एक्यूआई 331 रहा. बवाना में 248, आशोक विहार में 252, अलीपुर में 246 और बुराड़ी क्रॉसिंग पर 242 एक्यूआई, डीटीयू में 221 एक्यूआई दर्ज किया गया.
यूपी-बिहार में आसमान रहेगा साफ
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी और बिहार में बुधवार को मौसम साफ रहेगा. कहीं भी बारिश की चेतावनी नहीं है. यूपी के कुछ जिलों में बुधवार को सुबह लोगों को ठंड सताएगी. जिन जिलों में सर्दी परेशान करेगी उनमें बरेली, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर और रामपुर शामिल हैं. यहां तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी देखी जा सकती है. लखनऊ में बुधवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहेगा. बिहार के कुछ जिलों में बुधवार को तापमान में तेजी देखी जाएगी. पटना, गया, बक्सर, सिवान, समस्तीपुर, दरभंगा, जहानाबाद, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में तापमान ऊपर चढ़ेगा. पटना में बुधवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना व्यक्त की है. उत्तराखंड में 26 फरवरी और 27 फरवरी को बारिश होने की संभावना है. नैनीताल, चमोली, उत्तर काशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ा और पौड़ी गढ़वाल में बारिश हो सकती है. देहरादून में बुधवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा. हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, कुल्लू, मंडी, सिरमौर और सोलन में 26 फरवरी से लेकर 27 फरवरी तक बारिश होने की संभावना है. मनाली में बुधवार को अधिकतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
राजस्थान में मौसम रहेगा साफ तो एमपी होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान में बुधवार को मौसम साफ रहेगा जबकि मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है. राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, भरतपुर और कोटा जिले में बादल छाए रह सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना नहीं है. जयपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहेगा. मध्य प्रदेश के जिन जिलों में बारिश की संभावना है, उनमें सिवनी, मंडला, धार, भिंड, बालाघाट, छतरपुर, टीकमगढ़, खरगोन, मुरैना और शिवपुरी शामिल हैं. भोपाल में बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहेगा.