Weather Update
Weather Update
Heavy Rain Alert: मौसम ने अब फिर करवट ली है. उत्तर भारत के कई राज्यों में जहां फरवरी में ही अप्रैल वाली गर्मी पड़ रही है तो वहीं कुछ राज्यों में बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में 26 फरवरी, 27 और 28 फरवरी को भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की भी चेतावनी है. कई जगहों पर गुरुवार को कोहरा भी छाया रहेगा. उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. यूपी, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में 4 मार्च के बाद से तापमान 35 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है. यहां आप पढ़ सकते हैं आपके राज्य में 26 फरवरी 2026 को कैसा मौसम रहेगा?
कहां-कहां बारिश होने की संभावना
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, तेलंगाना और कर्नाटक में बारिश की संभावना व्यक्त की है. 26 फरवरी को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. 26 फरवरी, 27 और 28 फरवरी को पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में कई जगह बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, गुजरात, ओडिशा, लक्षद्वीप, अंडमान-निकोबार, पुडुचेरी, रायलसीमा, कराईकल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और माहे में भी जमकर बारिश होगी.
इन जिलों में घने कोहरे की चेतावनी
IMD ने यूपी, पंजाब, हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. यूपी के प्रयागराज, अयोध्या, कुशीनगर, देवरिया और महाराजगंज जिले में कोहरे गुरुवार और शुक्रवार को सुबह छाने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा,कुल्लू,सिरमौर, सोलन व ऊना और पंजाब के अमृतसर, बठिंडा, जालंधर, गुरदासपुर, फिरोजपुर, कपूरथला और लुधियाना में कोहरा छा सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहेगा. कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है. गुरुवार को दिन में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. दोपहर में गर्मी महसूस होगी. सुबह में 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
यूपी-बिहार में आसमान रहेगा साफ
IMD के मुताबिक उत्तर प्रदेश और बिहार में गुरुवार को बारिश होने की संभावना नहीं है. यहां के कई जिलों में 26 फरवरी को तापमान बढ़ेगा. यूपी के लखनऊ, कानपुर, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, इटावा, मैनपुरी, मथुरा, अमेठी, आजमगढ़, अमरोहा, बागपत, बहराइच, बलिया, बलरामपुर में पारा ऊपर चढ़ेगा. लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा. उधर, बिहार के कई जिलों में अभी से गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. पटना, सासाराम, भागलपुर, मुंगेर, पूर्णिया, भोजपुर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, खगड़िया, बेगूसराय, जमुई और जहानाबाद में गर्मी बढ़ गई है. राजधानी पटना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
केरल-तमिलनाडु में बारिश की संभावना
IMD के मुताबिक केरल और तमिलनाडु में 26 फरवरी से 28 फरवरी के बीच बारिश की संभावना है. केरल में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगह 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई और आसपास के कई जिलों में गुरुवार को बारिश का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग को मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है, लेकिन समुद्र से आ रही नमी के कारण मौसम में हलचल बनी हुई है. इसके चलते दक्षिण के राज्यों में बारिश होने की संभावना है.
राजस्थान और मध्य प्रदेश में गर्मी का रौद्र रूप
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान और मध्य प्रदेश में 4 मार्च से गर्मी का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है. राजस्थान में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा. जयपुर, अजमेर, जोधपुर, उदयपुर, अलवर, भरतपुर, बीकानेर, गंगापुर सिटी, जैसलमेर में गर्मी बढ़ेगी. जयपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहेगा. मध्य प्रदेश के कई जिलों में गर्मी बढ़ने वाली है. कई जिलों में जल्द तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार जाएगा. भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, सतना, इंदौर, रतलाम, बालाघाट, छिंदवाड़ा, रीवा, मुरैना, भिंड और बैतूल में पारा चढ़ने वाला है. भोपाल में गुरुवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश की चेतावनी है. मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 26 फरवरी, 27 और 28 फरवरी को जमकर बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. कई जगह बर्फबारी का भी अलर्ट है. मनाली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा.उत्तराखंड में 27 फरवरी को मौसम बिगड़ने वाला है. आईएमडी के मुताबिक 27 फरवरी को बारिश की चेतावनी है. देहरादून में गुरुवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा.