Weather Update
Weather Update
Weather News: देश में मौसम अपना दोहरा रूप दिखा रहा है. कहीं बारिश हो रही है तो कहीं तेज धूप से लोग परेशान हैं. मॉनसून भी अभी पूरे देश में नहीं पहुंचा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 26 जून को उत्तर प्रदेश और बिहार सहित 21 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. कई जगहों पर आसमानी बिजली कड़कने और वज्रपात होने की संभवाना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है.
इन राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को 21 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. जिन राज्यों में 26 जून को बारिश होने की संभावना है, उनमें उत्तर प्रदेश (UP), बिहार, झारखंड, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र, असम, सिक्किम, त्रिपुरा, नागालैंड, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश शामिल हैं.
क्या दिल्ली में आज होगी बारिश
दिल्ली में कभी बादल आ रहे हैं तो कभी जा रहे हैं लेकिन मूसलाधार बारिश नहीं हो रही है. थोड़ी-बहुत बारिश पिछले कुछ दिनों से हो रही है. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 26 जून को हल्की बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना व्यक्त की है. दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.
यूपी में आंधी और बारिश की चेतावनी
यूपी में अभी मॉनसून नहीं पहुंचा है. यहां के लोग मॉनसून के आने का इंतजार कर रहे हैं. इसी बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है. मौसम विभाग ने शुक्रवार से लेकर रविवार तक यूपी के कई जिलों में बारिश होने और आंधी चलने की संभावना व्यक्त की है. जिन जिलों में 26 से 28 जून तक बारिश होने और आंधी चलने की संभावना है, उनमें वाराणसी, कानपुर, मथुरा, आगरा, नोएडा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, रायबरेली, इटावा, हमीरपुर, बांदा, झांसी, फतेहपुर और चित्रकूट शामिल हैं. इस दौरान कई जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.
बिहार में आंधी-पानी का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में शुक्रवार को आंधी और बारिश होने की संभावना व्यक्त की हैं. 26 जून को जिन जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है, उनमें पटना, गया, भोजपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, बक्सर, सुपौल, सहरसा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, मुंगेर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी शामिल हैं. बारिश के दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. शुक्रवार को पटना में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.
झारखंड में आज और कल होगी बारिश
मौसम विभाग ने झारखंड में 26 और 27 जून को आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. झारखंड के जिन जिलों में शुक्रवार को बारिश होने की संभावना है, उनमें रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, देवघर, सिमडेगा, गिरिडीह, खूंटी, हजारीबाग, दुमका, पश्चिम सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 26 जून को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड के नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, टिहरी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और चंपावत में बारिश-आंधी की संभावना है. देहरादून में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. उधर, हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, ऊना, सोलन, बिलासपुर, किन्नौर और कांगड़ा में बारिश और आंधी होने की संभावना है. मनाली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है.