scorecardresearch

Weather Today, 02 January 2026: देश का मौसम लेगा करवट, कहीं ठंड की चपेट तो कहीं कोहरे की मार.. जानें अपने राज्य का हाल

Weather 02 January 2026: शीतलहर और घने कोहरे के चलते जनजीवन पहले से ही प्रभावित है, वहीं अब मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है.

ठंड से खुद को बचाता युवक ठंड से खुद को बचाता युवक

देशभर में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. शीतलहर और घने कोहरे के चलते जनजीवन पहले से ही प्रभावित है, वहीं अब मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है. कई राज्यों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रहने की आशंका है. ऐसे में लोगों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. 

आज यानी 2 जनवरी 2026 को उत्तर भारत के तीन राज्यों में मौसम बिगड़ने के आसार हैं. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है. हिमाचल के मनाली, डलहौजी और लाहौल घाटी में बर्फ की सफेद चादर बिछने की संभावना है. वहीं उत्तराखंड के देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में हल्की से मध्यम बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है.

कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
राजधानी दिल्ली में आज भी कोहरे की चेतावनी जारी की गई है. उत्तरी, पश्चिमी, दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के इलाकों में सुबह के समय हालात ज्यादा खराब रह सकते हैं. अक्षरधाम क्षेत्र, दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे और लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो सकती है. मौसम विभाग की सलाह है कि वाहन की रफ्तार 15–20 किमी/घंटा से अधिक न रखें. सुबह के समय तापमान गिरकर 8–9 डिग्री तक और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

क्या कहता है यूपी का हाल?
उत्तर प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में आज शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी है. लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, अयोध्या समेत कई जिलों में ठंड लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर सकती है. लखनऊ में सुबह के समय अधिकतम तापमान 9 डिग्री और न्यूनतम 6–7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

बिहार में दो दिन भीषण ठंड का अलर्ट
बिहार में 2 और 3 जनवरी को भीषण शीतलहर का असर देखने को मिलेगा. पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया सहित कई जिलों में घने कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड पड़ेगी. राजधानी पटना में सुबह अधिकतम तापमान 9 डिग्री और न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.

उत्तराखंड में कोहरे और ठंड का डबल असर
उत्तराखंड के नैनीताल, हरिद्वार, चंपावत, रुद्रप्रयाग और देहरादून में घना कोहरा छाया रह सकता है. देहरादून में सुबह और शाम के समय तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. मौसम विभाग ने खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है.