
Weather Update, 03 January 2026
Weather Update, 03 January 2026
देश के लगभग हर हिस्से में इन दिनों घना कोहरा और शीतलहर लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है. इसी बीच मौसम विभाग ने एक और सतर्क करने वाला अपडेट जारी किया है. विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के 19 जिलों में सुबह के समय अत्यधिक घना कोहरा देखने को मिलेगा, जबकि कई शहरों में शीतलहर का प्रचंड असर बना रहेगा. बुजुर्गों और छोटे बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. वहीं दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.

दिल्ली में सिमटी विजिबिलिटी
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में आज यानी 3 जनवरी 2026 की कोहरा छाया रहा. हालात ऐसे रहे कि कई इलाकों में 20 मीटर दूर तक भी देख पाना मुश्किल हो गया. कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए. सुबह के समय दिल्ली का न्यूनतम तापमान गिरकर करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वाहन चालकों को बेहद सतर्कता के साथ ड्राइव करने की सलाह दी गई है.
यूपी में कोहरे का रौद्र रूप
उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहा. कई जगहों पर दृश्यता घटकर 10 मीटर तक पहुंच गई. कानपुर, लखनऊ, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, झांसी, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, बिजनौर और रामपुर में हालात बेहद खराब रहे, जहां 25 मीटर से ज्यादा दूरी तक देख पाना मुश्किल हो गया.
नोएडा और गाजियाबाद में तो विजिबिलिटी 20 मीटर से भी नीचे चली गई. लखनऊ में सुबह के समय तापमान गिरकर 8 डिग्री से नीचे पहुंचने की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को लापरवाही छोड़कर सेहत का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है.
बिहार में घने कोहरे की चेतावनी
बिहार में भी ठंड और कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मौसम विभाग ने राज्य के 20 से अधिक जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. पटना, गोपालगंज, जहानाबाद, गया, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, अररिया, खगड़िया, बेगूसराय, समस्तीपुर, लखीसराय, भोजपुर, बक्सर, सिवान और सारण में सुबह के समय दृश्यता घटकर करीब 20 मीटर तक पहुंच सकती है.
राजस्थान के जयपुर में ठंड का असर
राजस्थान के शेखावटी क्षेत्र में कड़ाके की ठंड ने लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर दिया है. सीकर, चुरु और झुंझुनू में सुबह-सुबह घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है. इसके अलावा जयपुर, उदयपुर और भरतपुर में भी सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला. जयपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है.