Weather Update
Weather Update
देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. इसी बीच भारत मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के लिए नया अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार 5 से 6 फरवरी और फिर 9 से 11 फरवरी के बीच इन इलाकों में अच्छी बारिश के साथ बर्फबारी देखने को मिल सकती है. इसके अलावा अगले 2 से 3 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली-एनसीआर में सुबह और शाम कड़ाके की ठंड का असर जारी है, हालांकि दिन में धूप निकलने से कुछ राहत महसूस हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक 6 फरवरी को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दिन के समय सतह पर हवा की गति 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. सुबह के वक्त हल्का कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है. वहीं 7 और 8 फरवरी को भी मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है.
यूपी में कोहरे और तेज हवाओं का असर
उत्तर प्रदेश के मौसम में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. राज्य पर पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार 6 फरवरी की सुबह घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है. पश्चिमी यूपी और आसपास के इलाकों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
बिहार में कोहरे का अलर्ट
IMD ने बिहार के लिए 6 फरवरी को घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. सुबह और रात के समय कोहरे के कारण सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है, वहीं रेल सेवाओं में भी देरी की आशंका है. हालांकि आने वाले दिनों में राज्य में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज होने की संभावना है.
पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है. वहीं 7 फरवरी की सुबह घना कोहरा छाया रह सकता है. तेज हवाओं के कारण ठंड का असर और अधिक महसूस होगा, जिससे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें