Weather Update
Weather Update
देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है. ठंडी हवाओं की वजह से सुबह और शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है, जबकि दोपहर में तेज धूप निकलने से ठंड का असर कुछ हद तक कम हो जाता है. इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिमी विक्षोभों के चलते कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है.
IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 9 से 11 फरवरी के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है. 10 फरवरी को कुछ इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है. इसके चलते ठंड का असर कम होगा, हालांकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी रह सकती है.
7 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. दिन के समय करीब 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि रात में हल्की धुंध छाई रह सकती है. 8 और 9 फरवरी को आंशिक बादल छाए रहने और सुबह के समय हल्की धुंध की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
उत्तर प्रदेश में बदली हवा की दिशा
पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद लखनऊ समेत प्रदेश के मैदानी इलाकों में हवा की दिशा में बदलाव आया है. पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और कई इलाकों में घना कोहरा छाने की स्थिति बनी हुई है.
उत्तराखंड में ठंड बरकरार
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड में 7 और 8 फरवरी को कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रह सकता है. राज्य में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. फिलहाल अगले कुछ दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और ठंड बनी रहेगी.
बिहार में सुबह की धुंध बनी परेशानी
बिहार में दिन के समय अच्छी धूप निकलने से ठंड का असर कम हो रहा है, लेकिन सुबह के वक्त धुंध और कोहरे के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है. IMD के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है.
ये भी पढ़ें