Weather Update
Weather Update
देश के कई हिस्सों में अब ठंड का असर कम होता दिखाई दे रहा है. सुबह के समय हल्की ठिठुरन जरूर महसूस हो रही है, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, तापमान बढ़ने से ठंड का प्रभाव खत्म हो जाता है. इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट लेने के संकेत दिए हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक 13 फरवरी और फिर 16–17 फरवरी के दौरान लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेंगे. इनके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित करीब छह राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. इस दौरान कुछ इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
16 फरवरी को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी मौसम बदल सकता है. यहां बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में ठंड अभी बनी रहेगी, जबकि मैदानी क्षेत्रों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. आने वाले दिनों में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा जैसे पूर्वी राज्यों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि उत्तर भारत में ठंड पूरी तरह विदा होने के संकेत फिलहाल नहीं हैं.
दिल्ली-एनसीआर का मौसम अपडेट
दिल्ली-एनसीआर में 11 से 13 फरवरी के बीच मौसम ज्यादातर साफ रहने की संभावना है. हालांकि सुबह के समय हल्का कोहरा परेशान कर सकता है. इस दौरान राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
उत्तर प्रदेश में कोहरे की दस्तक
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभों का असर उत्तर प्रदेश में ज्यादा देखने को नहीं मिलेगा. हालांकि सुबह के वक्त राज्य के कई हिस्सों में हल्का कोहरा छाया रह सकता है. न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है और अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है.
बिहार-झारखंड में ठंड बरकरार
बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है. इन राज्यों में फिलहाल बारिश या तूफान को लेकर कोई बड़ी चेतावनी नहीं है, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा. सुबह और शाम के समय हल्का कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है.
ये भी पढ़ें