Weather Update
Weather Update
देश के कई हिस्सों में ठंड अब लगभग विदा लेने की कगार पर है, लेकिन इसी बीच मौसम एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ाने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत समेत कुल 11 राज्यों में अगले 24 घंटों के बाद मध्यम से तेज बारिश की चेतावनी जारी की है. बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिसका सीधा असर लोगों की सेहत पर भी पड़ने की आशंका है. साथ ही पहाड़ी इलाकों के लिए भी मौसम विभाग ने नया अपडेट जारी किया है, ऐसे में यात्रा की योजना बनाने से पहले मौसम की जानकारी लेना जरूरी हो गया है.
मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र और कर्नाटक के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि उत्तर और मध्य भारत में मौसम का मिजाज इससे उलट बना रहेगा, जहां बारिश और कोहरे के कारण हल्की ठंड फिर से महसूस की जा सकती है.
कोहरे की वापसी, उत्तर भारत में सुबह की मुश्किलें
आईएमडी का कहना है कि भले ही कड़ाके की ठंड अब खत्म हो चुकी हो, लेकिन हल्के से मध्यम कोहरे की समस्या अभी बनी रहेगी. उत्तर प्रदेश के मथुरा, आगरा, अलीगढ़, अमेठी, बागपत, आजमगढ़, बहराइच, बलिया, बांदा, बाराबंकी, बरेली, बिजनौर, चंदौली, चित्रकूट, इटावा, फतेहपुर, गाजियाबाद, गाजीपुर और झांसी में सुबह के समय कोहरा दृश्यता को प्रभावित कर सकता है.
हरियाणा में गुरुग्राम, अलवर, हिसार, करनाल, झज्जर, रोहतक और जींद में भी सुबह के वक्त धुंध छाए रहने की संभावना है. वहीं पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा, जालंधर और मोहाली में भी कोहरे के कारण लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
दिल्ली में बारिश नहीं लेकिन हल्की ठंड बरकरार
दिल्लीवासियों के लिए राहत की खबर है कि आने वाले सप्ताह में राजधानी में बारिश की कोई संभावना नहीं है. दिन में धूप खिली रहेगी और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड बनी रह सकती है. इसके साथ ही दिल्ली के एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में भी सुधार आने की उम्मीद है, जो प्रदूषण के लिहाज से राहत देगा. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
उत्तर प्रदेश में बदलेगा मौसम, बारिश से बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में 17 और 18 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. जिन जिलों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है, उनमें सहारनपुर, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद और मैनपुरी शामिल हैं. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड बढ़ सकती है.
बिहार में बारिश नहीं पर कोहरे का असर
बिहार में अगले तीन दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है, हालांकि पटना और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विभाग ने सिवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गया, जहानाबाद, पूर्णिया, सहरसा, कटिहार, किशनगंज, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में कोहरे की चेतावनी जारी की है. पटना में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें