Weather Update
Weather Update
Today Weather Update: जनवरी का महीना अपने आखिरी दौर में पहुंच चुका है, लेकिन मौसम अभी भी पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है. कहीं तेज धूप लोगों को राहत दे रही है तो कहीं सुबह-शाम की ठिठुरन अभी भी कंपकंपी बढ़ा रही है. उत्तर भारत से लेकर देश के कई हिस्सों में ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में बारिश, ठंडी हवाएं और तापमान में गिरावट फिर से लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं. तो आइए जानते हैं आज 21 जनवरी 2026 को देश के मौसम का हाल.
दिल्ली-एनसीआर में अस्थायी राहत
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत जरूर देखने को मिल रही है. दिन के समय तेज धूप निकलने के कारण दोपहर में हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है, लेकिन सुबह और शाम होते ही ठंड फिर से अपना असर दिखा रही है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिनों कि नहीं है. राजधानी में अगले दो दिनों बाद बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके बाद तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है और ठंड बढ़ सकती है. मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के कई इलाकों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है. सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. कुछ क्षेत्रों में पारा 5 डिग्री से नीचे भी पहुंच गया है.
उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार उत्तर प्रदेश में मौसम जल्द करवट लेने वाला है. 22 जनवरी से प्रदेश में बादलों की सक्रियता बढ़ेगी और बारिश का सिलसिला शुरू होगा. 23 जनवरी को इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है, जब कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. यह स्थिति 24 जनवरी तक बनी रह सकती है. जिन जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है, उनमें सहारनपुर, शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर और संभल शामिल हैं. बारिश के चलते दिन के तापमान में गिरावट आएगी और सुबह-शाम ठंड व गलन और ज्यादा बढ़ सकती है.
मध्य प्रदेश में धूप की राहत जल्द होगी खत्म
मध्य प्रदेश में बीते दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. दिन में धूप निकलने से ठंड की तीव्रता कुछ कम जरूर हुई है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी. जनवरी के अंतिम सप्ताह में उत्तर से ठंडी हवाओं का असर बढ़ने की संभावना है. इसका प्रभाव मध्य प्रदेश में भी देखने को मिलेगा. ग्वालियर, चंबल, रीवा और सागर संभाग में बादल छाने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड फिर से बढ़ सकती है.
बिहार तेज हवाएं बढ़ाएगी परेशानी
बिहार में दोपहर की धूप भले ही कुछ राहत दे रही हो, लेकिन आने वाले 1–2 दिन चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं. बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी और बर्फीली हवाएं चल सकती हैं. ये हवाएं धूप के असर को कम कर देंगी और शरीर में तेज ठंड महसूस होगी. पिछले 24 घंटों में राजगीर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बांका में तापमान 23.3 डिग्री के आसपास रहा. IMD का अनुमान है कि अगले एक दिन में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट आ सकती है. रात का तापमान 8 से 14 डिग्री के बीच रहने की संभावना है.
हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर में कोहरा और ठंड बरकरार
वहीं पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में अभी भी कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड काफी ज्यादा बनी हुई है. दिल्ली सहित मैदानी इलाकों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा और कुछ जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. आज राजधानी में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें: