Weather Update
Weather Update
Weather Alert: मॉनसून की वापसी के बाद भी देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 11 अक्टूबर 2026, दिन रविवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान समेत 21 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका है. पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम बिगड़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
इन 21 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 11 अक्टूबर को देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, सिक्किम, मिजोरम और नगालैंड में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. बारिश के दौरान कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.
बंगाल की खाड़ी से उठने वाली हवाओं का दिखेगा असर
मौसम में बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली हवाओं और वायुमंडल में बने मौसमी सिस्टम की भूमिका हो सकती है. उत्तर राजस्थान से ओडिशा के मध्य हिस्सों तक निचले वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण से जुड़ी गतिविधियों का असर कई क्षेत्रों में दिखाई दे सकता है. पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इन मौसमी परिस्थितियों के कारण पूर्वी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. पहाड़ी राज्यों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है.
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-NCR में 11 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके साथ तेज हवा के झोंके चल सकते हैं. मौसम के इस बदलाव से तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिल सकती है. दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. हालांकि, अलग-अलग इलाकों में तापमान और बारिश की स्थिति में अंतर हो सकता है.
उत्तर प्रदेश के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी के गई जिलों में रविवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, गोंडा, सोनभद्र, कानपुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बहराइच, बलरामपुर, महाराजगंज, उन्नाव, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, आजमगढ़, कासगंज और मैनपुरी में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. रविवार को राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बिहार और झारखंड में भी बदलेगा मौसम
11 अक्टूबर को बिहार और झारखंड में भी मौसम बदलेगा. बिहार में पटना, गया, जहानाबाद, सिवान, बक्सर, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और मुंगेर में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. पटना में रविवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. झारखंड के रांची, सिमडेगा, धनबाद, गिरिडीह, साहेबगंज, हजारीबाग, पलामू, जमशेदपुर, गुमला, गढ़वा और बोकारो में 11 और 12 अक्टूबर को बारिश हो सकती है. रांची में रविवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में अलर्ट
पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाओं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. उत्तराखंड के देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ में बारिश और आंधी का अलर्ट है. देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. हिमाचल प्रदेश के मंडी, सोलन, बिलासपुर, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कांगड़ा में बारिश तथा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. मनाली में रविवार को अधिकतम तापमान करीब 6 डिग्री और न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. जम्मू-कश्मीर के बारामूला, बडगाम, गांदरबल, अनंतनाग, डोडा, कठुआ और सांबा में बारिश हो सकती है. श्रीनगर में रविवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर में तेज हवाएं के साथ बारिश
पश्चिम बंगाल के कोलकाता, नादिया, बीरभूम, अलीपुरद्वार और दार्जिलिंग समेत कई क्षेत्रों में रविवार को बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है.कोलकाता में रविवार को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश की संभावना है.