scorecardresearch

Weather Forecast: मॉनसून एक्टिव! आज दिल्ली-एनसीआर, यूपी-बिहार सहित 16 राज्यों में होगी बारिश, पढ़ें IMD का वेदर रिपोर्ट

Weather Update 13 August 2026: मॉनसून पूरे देश में एक्टिव है. मौसम विभाग ने 13 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर, यूपी और बिहार सहित 16 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. बारिश के दौरान कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. यहां आप जान सकते हैं गुरुवार को आपके यहां मौसम कैसा रहेगा? 

Advertisement
Weather Update Weather Update

Aaj Ka Mausam, 13 August 2026: मॉनसून इस समय पूरी तरह से सक्रिय है. दिल्ली, यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल से लेकर पंजाब तक बारिश का दौर जारी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आगे भी बारिश जारी रहेगी. मौसम विभाग ने 13 अगस्त 2026 को 16 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. बारिश के दौरान कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. कई जगहों ओले गिरने और वज्रपात होने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण और उत्तरी मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में बना कम दबाव से भारी बारिश की संभावना है.  

इन राज्यों में आंधी और बारिश की चेतावनी 
मौसम विभाग ने 13 अगस्त को देश के 16 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. जिन राज्यों में गुरुवार को आंधी-पानी की संभावना है, उनमें दिल्ली, यूपी, बिहार, झारखंड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र शामिल हैं. इन राज्यों में आंधी और बारिश के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है. 

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम 
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 13 अगस्त को भी बादल छाए रहेंगे और भारी बारिश होगी. बारिश के दौरान आंधी भी चलने की संभावना है. दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. आर्द्रता का स्तर 85 और 75 प्रतिशत रहने का अनुमान है. 14 अगस्त को अधिकतम तापमान घटकर 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. शुक्रवार को भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.

यूपी में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट 
यूपी में इस समय जमकर बारिश हो  रही है. मौसम विभाग ने 13 अगस्त को भी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में गुरुवार को कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है. 13 अगस्त को जिन जिलों में आंधी-पानी की संभावना है, उनमें नोएडा, मेरठ, मथुरा, आगरा, अलीगढ़,  कानपुर, मुजफ्फरनगर, झांसी, आजमगढ़, मिर्जापुर, जौनपुर, गोरखपुर, बहराइच, गोंडा, अंबेडकर नगर, महाराजगंज, संतकबीरनगर, मिर्जापुर, सोनभद्र और मऊ शामिल हैं. यूपी में  14 से 18 अगस्त के दौरान और बारिश होने की संभावना है. बारिश के दौरान कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.

बिहार में कैसा रहेगा मौसम
बिहार में पिछले कुछ दिनों से कई जिलों में बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 13 अगस्त को भी बिहार में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. गुरुवार को पटना, गया, जहानाबाद, कैमूर, रोहतास, बक्सर, औरंगाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया और मुंगेर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. बारिश के दौरान कई जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी. पटना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.

झारखंड में आंधी-पानी का अलर्ट 
मौसम विभाग ने 13 अगस्त 2026 को झारखंड के कई जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है. गुरुवार को जिन जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है, उनमें रांची, जमशेदपुर, बोकारो, साहेबगंज, दुमका, जामताड़ा, सरायकेला, दुमका, खूंटी, गुमला, पलामू, रामगढ़ और चतरा शामिल हैं. बारिश के दौरान कई जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी. रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.

पश्चिम बंगाल में होगी भारी बारिश
पश्चिम बंगाल में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर जारी है. यह दौर आगे भी जारी रहेगा. मौसम विभाग ने 13 अगस्त को भी बंगाल में भारी बारिश का अनुमान जताया है. इसके पीछे बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और बना अवदाब मुख्य कारण है. IMD के अनुसार गुरुवार को पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर, दक्षिण 24 परगना, झारग्राम, बांकुरा, पुरुलिया और पश्चिमी बर्दवान जिलों में भारी बारिश की संभावना है. 14 अगस्त को पूर्वी बर्दवान, पश्चिमी बर्दवान, पुरुलिया और बीरभूम जिलों में और शनिवार को बीरभूम, पूर्वी बर्दवान और नदिया में भारी बारिश का अनुमान है. उत्तरी बंगाल में भी बारिश जारी रहेगी. गुरुवार को जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में भारी बारिश की संभावना है. 14 अगस्त को दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी बारिश हो सकती है. 15 अगस्त को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है.