Weather Update, 15 September 2026
Weather Update, 15 September 2026
देश के कई राज्यों को फिलहाल मानसून से राहत नहीं मिली है. मौसम विभाग (IMD) ने आज (15 सितंबर) को 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसमें जहां गुजरात और कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना है, वहीं दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में भी सामान्य बारिश की आशंका जताई गई है.
दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला हुआ रह सकता है. 15 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है. तापमान करीब 32 डिग्री से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. ऐसे में लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 15 सितंबर को बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. पूर्वी और पश्चिमी यूपी के अलग-अलग इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है. कुछ जगहों पर बिजली चमकने और गरज की स्थिति भी बन सकती है.
बिहार में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है. मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सारण, सिवान, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी दी है.
गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. अहमदाबाद, गांधीनगर, सुरेंद्रनगर, राजकोट, मोरबी, पोरबंदर, जामनगर और देवभूमि द्वारका में तेज बारिश की संभावना है. हालांकि इसके बाद मौसम में सुधार आने की उम्मीद है.
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 15 से 17 सितंबर के बीच कई जगह अच्छी बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में 15 और 16 सितंबर को बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना है. इसके अलावा महाराष्ट्र, गोवा, केरल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पूर्वोत्तर के राज्यों समेत कई इलाकों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है.