scorecardresearch

20 February Weather Update: यूपी-बिहार में ठंड हुआ कम, दिल्ली-लखनऊ से लेकर पटना तक शुष्क रहेगा मौसम, 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट IMD ने दिया अपडेट

यूपी और बिहार में सर्दी एकदम कम हो गई है. IMD के मुताबिक दिल्ली और एनसीआर में आज तापमान में बढ़ोतरी होगी. मौसम विभाग ने देश के 6 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है. आइए जानते हैं आज कहां और कैसा रहेगा मौसम?

Weather Update Weather Update

देश से सर्दी धीरे-धीरे जा रही है. उसकी जगह गर्मी ने लेनी शुरू कर दी है. हालांकि कुछ राज्यों में बारिश भी हो रही है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 6 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. जिन राज्यों में बारिश होगी, वहां का तापमान नीचे जा सकता है. उधर, यूपी और बिहार में ठंड का असर एकदम कम हो गया है. दिल्ली, लखनऊ से लेकर पटना तक में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इससे तापमान में बढ़ोतरी होगी.

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
आईएमडी ने संभावना व्यक्त की है कि 20 फरवरी से लेकर 23 फरवरी 2026 तक 6 राज्यों में भारी बारिश हो सकती है. जिन राज्यों में बारिश का अलर्ट है, उनमें तमिलनाडु, केरल, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल शामिल हैं. बारिश की वजह से इन राज्यों का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है. यहां पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. तमिलनाडु और केरल में 21 और 22 फरवरी को भारी बारिश की चेतावनी है. हिमाचल प्रदेश में 23 फरवरी को और उत्तराखंड में 22-24 फरवरी के दौरान बारिश की संभावना है. 24 फरवरी को पश्चिम बंगाल और झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी है. 23 और 24 फरवरी को ओडिशा में भी बारिश होने की संभावना है. 

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
IMD के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर शुक्रवार को बारिश होने की संभावना नहीं है. यहां के तापमान में 20 फरवरी से बढ़ोतरी होगी. दिन में गर्मी का ऐहसास होगा. दिल्ली की वायु गुणवत्ता के स्तर में सुधार हुआ है. इसके चलते ग्रैप के दूसरे चरण के तहत लागू पाबंदियों को बुधवार को हटा दिया गया. दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा. नोएडा में अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री तक पहुंच जाएगा. 25 फरवरी तक न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है.

यूपी-बिहार में अचानक बढ़ेगी गर्मी
उत्तर प्रदेश और बिहार में आने वाले सप्ताह में अचानक गर्मी बढ़ेगी. आईएमडी ने यूपी में 20 फरवरी को बारिश होने की संभावना नहीं व्यक्त की है. लखनऊ में 20 फरवरी को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहेगा. उधर, बिहार में तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. जिन जिलों में गर्मी बढ़ेगी उनमें पटना, गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, जहानाबाद, गोपालगंज, मुंगेर, भागलपुर, खगड़िया, बेगूसराय, समस्तीपुर और दरभंगा शामिल हैं. पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना 
आईएमडी ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड में 22 से 24 फरवरी को बारिश हो सकती है. देहरादून, नैनीताल, रुद्र प्रयाग, उत्तर काशी, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और चमोली में बारिश की संभावना है. उधर, हिमाचल प्रदेश में 23 फरवरी को बारिश हो सकती है. शिमला में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

मध्य प्रदेश में बारिश तो राजस्थान में निकलेगी धूप 
आईएमडी के मुताबिक 20 फरवरी को मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है और तेज हवा चल सकती है. इंदौर, उज्जैन, विदिशा, राजगढ़, धार, रतलाम, शाजापुर, मंदसौर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना आदि जिलों में बारिश होने की संभावना है. भोपाल में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहेगा. उधर, राजस्थान में शुक्रवार को बारिश की कोई संभावना नहीं है. इस राज्य में सुबह से ही धूप निकलेगी.