Weather Update (File Photo: PTI)
Weather Update (File Photo: PTI)
देश में कई जगहों पर गर्मी दस्तक दे चुकी है. ठंड धीरे-धीरे कम हो रही है तो वहीं कई राज्यों में बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 21 फरवरी से अगले चार दिनों तक 9 राज्यों में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है. इन राज्यों में 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने की संभावना है. आप यहां पढ़ सकते हैं दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी-बिहार तक आज कैसा रहेगा मौसम?
इन 9 राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD ने जिन 9 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, उनमें केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 22 फरवरी और 23 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. उत्तराखंड में 22 से 24 फरवरी के दौरान हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है. छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 23 और 24 फरवरी को बारिश हो सकती है. तमिलनाडु और केरल 21 और 22 फरवरी को चमक-गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.
आज दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 21 फरवरी दिन शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहेगा. बारिश होने की कोई संभावना नहीं है. हालांकि सुबह और रात में 1-2 डिग्री तापमान नीचे जा सकता है. इसके बावजूद अधिक ठंड महसूस नहीं होगी. दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के चलने से एक्यूआई में सुधार है. दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
यूपी-बिहार में आज आसमान रहेगा साफ
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश होने की संभावना नहीं. आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा. सुबह में यूपी में कहीं-कहीं कोहरा छाया रहेगा. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रयागराज, अयोध्या, प्रतापगढ़, फतेहपुर, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, आजमगढ़, कानपुर, बलिया, मऊ, मिर्जापुर और भदोही में सुबह के वक्त घना कोहरा छा सकता है, लेकिन 9-10 बजने के बाद मौसम साफ हो जाएगा. शनिवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहेगा. उधर, बिहार में दिन में तापमान में बढ़ोतरी होगी जबकि शाम होते ही तापमान में गिरावट आएगी. पटना, गया, जहानाबाद, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सारण, बक्सर, भोजपुर, पूर्णिया, सहरसा, कटिहार, अररिया, दरभंगा और मधुबनी में ठंड कम होने की संभावना है. शनिवार को पटना में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
उत्तराखंड-हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक 22 से 24 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश होने की संभावना है. यदि आप अगले एक-दो दिनों तक हिमाचल प्रदेश जाने का प्लान कर रहे हैं तो मौसम का अपडेट पर ध्यान जरूर रखिएगा. शनिवार को शिमला, कुल्लू, बिलासपुर, लाहौल-स्पीति, मंडी और सोलन में शाम तक मौसम बिगड़ने की संभावना है. 22-23 फरवरी को इन सभी जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. उधर, उत्तराखंड में पिथौरागढ़, बागेश्वर, उत्तर काशी, चमोली, अल्मोड़ा और नैनीताल में बारिश होने की संभावना है. 21 फरवरी को देहरादून में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा. मनाली में शनिवार को अधिकतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 9 डिग्री सेल्सियस रहेगा. 22 से 24 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर के जिन जिलों में बारिश होगी उनमें जम्मू, पुलवामा, उधमपुर, किश्तवाड़, अनंतनाग, डोडा, राजौरी और पुंछ जिले शामिल हैं. श्रीनगर में 21 फरवरी को अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
मध्य प्रदेश और राजस्थान में निकलेगी तेज धूप
मौसम विभाग के मुताबिक 21 फरवरी को मध्य प्रदेश और राजस्थान में तेज धूप निकलेगी. इन राज्यों में बारिश की संभावना नहीं है. दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. भोपाल में शनिवरा अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहेगा. जयपुर में 21 फरवरी को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहेगा.