scorecardresearch

Weather Update 4 October 2026: मॉनसून की विदाई के बीच फिर बिगड़ेगा मौसम! आज कहीं आंधी-तूफान तो कहीं होगी भारी बारिश, यूपी-बिहार सहित 14 राज्यों के लिए lMD का अलर्ट

उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों से मॉनसून विदा हो चुका है. हालांकि इसके बावजूद देश के 14 राज्यों में 4 अक्टूबर 2026 को भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. मौसम विभाग ने ऐसे में लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है. यहां आप जान सकते हैं आपके यहां रविवार को कैसा मौसम रहेगा? 

Advertisement
Weather Update Weather Update

उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों से मॉनसून की विदाई शुरू हो चुकी है और मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. सुबह-शाम हल्की ठंड का एहसास बढ़ने लगा है, लेकिन इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 अक्टूबर 2026 को 14 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक यूपी, बिहार, झारखंड, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और केरल बारिश और आंधी की संभावना है.मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है. पूर्वी भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं. ऐसे में लोगों को मौसम का अपडेट देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है.

बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बने मौसम सिस्टम
मौसम में बदलाव के पीछे कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं. केरल तट के पास दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके अलावा दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और सिक्किम व आसपास के क्षेत्रों में भी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इन प्रणालियों के प्रभाव से पूर्वी और दक्षिणी भारत में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. कई राज्यों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. खराब मौसम का असर खेती-किसानी पर पड़ सकता है. वहीं समुद्र में तेज हवाओं को देखते हुए मछुआरों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है.

यूपी में इन जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी 
उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, गोरखपुर, आगरा, मथुरा, कानपुर, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, सीतापुर, बलरामपुर, संतकबीर नगर, मऊ, प्रयागराज, महाराजगंज और कुशीनगर में 4 अक्टूबर को मध्यम से भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

दिल्ली में बारिश और आंधी का अलर्ट
राजधानी दिल्ली में 4 अक्टूबर को बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री  सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मौसम खराब होने पर ट्रैफिक और स्थानीय आवाजाही प्रभावित हो सकती है.

बिहार में कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
बिहार के पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सिवान, सारण, गया, पटना, गोपालगंज, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, सुपौल, सहरसा, बेगूसराय और भागलपुर में 4 अक्टूबर को बारिश और आंधी का अलर्ट है. यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजधानी पटना में रविवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

झारखंड में आंधी-बारिश की संभावना 
झारखंड के रांची, जमशेदपुर, चतरा, देवघर, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, गोड्डा, पश्चिमी सिंहभूम और पलामू समेत कई जिलों में रविवार को बारिश और आंधी की संभावना है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. रांची में रविवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड के नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऋषिकेश में रविवार को बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, सोलन, चंबा, हमीरपुर और बिलासपुर में भी मौसम खराब रह सकता है. जम्मू-कश्मीर के जम्मू, पुंछ, अनंतनाग, रियासी, बारामूला, कुपवाड़ा और किश्तवाड़ समेत कई क्षेत्रों में बारिश और आंधी का अलर्ट है. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका को देखते हुए यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

इन राज्यों में भी मौसम बदलेगा
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, कोलकाता, बांकुड़ा और बीरभूम समेत कई जिलों में रविवार को भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. पंजाब के संगरूर, होशियारपुर, लुधियाना, गुरदासपुर, बठिंडा और फरीदकोट में भी बारिश-आंधी का अलर्ट है. राजस्थान के भरतपुर, टोंक, पाली, बाड़मेर, कोटा, सवाई माधोपुर, धौलपुर, जयपुर, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. मध्य प्रदेश के रतलाम, मंदसौर, नीमच, राजगढ़, सिवनी, अनूपपुर, दमोह, विदिशा, खरगोन, बैतूल, मंडला, शहडोल, खंडवा, नरसिंहपुर, देवास, हरदा और इंदौर में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. 

तेजी से आगे बढ़ रही मॉनसून की वापसी
IMD के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी की रेखा अब सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई तक पहुंच चुकी है. आने वाले दिनों में देश के कई और हिस्सों से मॉनसून की विदाई हो सकती है. इसके बावजूद बंगाल की खाड़ी, अरब सागर और कुछ अन्य मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है.