Weather Update
Weather Update
Today Weather Update: देश के अधिकतर राज्यों का मौसम अचानक पूरी तरह से बदल गया है. आसमान में बादलों ने अपना डेरा जमा लिया है. कई जगहों पर आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 5 अगस्त 2026 को दिल्ली-एनसीआर, यूपी-बिहार सहित 20 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. बारिश के दौरान कई जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलेगी. कुछ जगहों पर वज्रपात होने और ओले गिरने की भी संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. आईएमडी का कहना है कि दक्षिणी राजस्थान के ऊपर बने सिस्टम और मॉनसूनी द्रोणी के उत्तर की ओर खिसकने से गंगा के मैदानी इलाकों में नमी बढ़ेगी, जिससे अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
इन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 5 अगस्त को 20 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. जिन राज्यों में बुधवार को बारिश होने की संभावना है, उनमें यूपी, बिहार, झारखंड, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, असम, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश शामिल हैं.
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह से आसमान में बादलों ने डेरा जमा रखा है. मौसम विभाग ने 5 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. मौसम विभाग ने बुधवार को पूरे दिन आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना जताई है. इससे मौसम सुहावना रहेगा.
यूपी में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 अगस्त को गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. 6 अगस्त को भी कुछ जगहों पर तेज बारिश जारी रह सकती है. 7 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. यूपी में अगले चार दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने 5 अगस्त को लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, प्रतापगढ़, सीतापुर, बहराइच, बरेली, पीलीभीत, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. लखनऊ में बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
बिहार में आंधी-पानी का अलर्ट
मौसम विभाग ने 5 अगस्त को बिहार के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में बुधवार को बारिश होने की संभावना है, उनमें पटना, गया, कैमूर, बक्सर, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सिवान, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, भागलपुर, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय शामिल हैं. बारिश के दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं. बारिश के साथ-साथ मेघगर्जन और वज्रपात (बिजली गिरने) की चेतावनी भी जारी की गई है. पटना में बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
झारखंड में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने झारखंड में 5 अगस्त 2026 को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. रांची, जमशेदपुर, साहेबगंज, देवघर, गिरिडीह, दुमका, बोकारो, कोडरमा, धनबाद, रामगढ़, हजारीबाग में बारिश की चेतावनी है. बारिश को दौरान कई जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, माहे, लक्षद्वीप, उत्तरी कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है.