Weather Update
Weather Update
Today Weather Update: देशभर में मॉनसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो रहा है. देश की राजधानी दिल्ली से लेकर यूपी-बिहार तक में मूसलाधार बारिश हो रही है. उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत में बारिश होने से तापमान में गिरवाट दर्ज की गई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 6 अगस्त दिन गुरुवार को उत्तर भारत, दक्षिण भारत, पूर्वी भारत से लेकर पश्चिमी तट पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
बारिश के दौरान कई जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर वज्रपात होने की भी संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण और सक्रिय मॉनसूनी ट्रफ के कारण उत्तर, पूर्व, मध्य और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां अभी तेज बनी रहेंगी. यहां आप जान सकते हैं दिल्ली, यूपी, बिहार से लेकर झारखंड तक गुरुवार को कैसा मौसम रहेगा?
इन राज्यों में आंधी और भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 6 अगस्त को 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. जिन राज्यों में गुरुवार को बारिश होने की संभावना है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, ओडिसा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात शामिल हैं. इसके अलावा कई अन्य राज्यों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है. इससे मौसम सुहावना बना हुआ है. मौसम विभाग ने 6 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक सुबह से ही बादल छाए रहने और दिन में कई दौर की बारिश होने की संभावना है. बारिश को दौरान कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस से राहत मिलेगी. गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
यूपी के कई जिलों में आंधी-पानी की चेतावनी
मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में गुरुवार को आंधी-पानी की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी, मध्य और पूर्वी यूपी में भारी बारिश की संभावना है. लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, कानपुर, बिजनौर, अमेठी, बहराइच और कुशीनगर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मॉनसूनी द्रोणी सामान्य स्थिति के करीब बनी हुई है. इसके साथ ही वातावरण में पर्याप्त नमी और चक्रवाती परिसंचरण के कारण यूपी में बारिश का दौर जारी है. यही वजह है कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी हुई है.
बिहार और झारखंड में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बिहार और झारखंड में 6 से 8 अगस्त के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगहों पर तेज हवा और बिजली गिरने का भी खतरा रहेगा. बिहार के पटना, आरा, गया, किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, दरभंगा, मधुबनी सहित कई जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका है. उधर, झारखंड के भी कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.