Weather Update
Weather Update
भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे देश के बड़े हिस्से को फिलहाल राहत मिलने वाली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के असर से 1 जून से देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा. राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जबकि दक्षिण भारत में मानसून की दस्तक अब 2 से 4 जून के बीच होने की संभावना जताई गई है.
केरल में 2-4 जून के बीच पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरल पहुंचने की नई संभावित तारीख 2 से 4 जून बताई है. इससे पहले इसके 26 मई तक पहुंचने का अनुमान था. अरब सागर में सक्रिय मौसमीय सिस्टम और लक्षद्वीप क्षेत्र के पास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मानसूनी हवाएं मजबूत हो रही हैं.
मानसून केरल पहुंचने के बाद अगले 5 से 10 दिनों में कर्नाटक, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ सकता है. हालांकि शुरुआत में इसकी रफ्तार सामान्य से थोड़ी धीमी रहने की संभावना है.
दिल्ली-NCR में 7 जून तक राहत, 40°C के नीचे रहेगा पारा
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अगले एक सप्ताह तक भीषण गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं. 1 जून को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. शाम के समय कुछ इलाकों में हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. IMD के अनुसार 1 से 7 जून के बीच तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, लेकिन पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है.
इन राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, मलप्पुरम और कोझिकोड जैसे जिलों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है. इन इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम, बिजली बाधित होने, भूस्खलन और बिजली गिरने की घटनाओं का खतरा भी जताया गया है. 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
एल नीनो का असर मानसून पर पड़ सकता है
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रशांत महासागर में ENSO की तटस्थ स्थिति धीरे-धीरे एल नीनो की ओर बढ़ रही है. जून तक इसके विकसित होने की संभावना 80% से अधिक बताई जा रही है. आमतौर पर एल नीनो की स्थिति भारतीय मानसून को कमजोर करती है और वर्षा में कमी ला सकती है.
ये भी पढ़ें