दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में सुबह से ही हल्की बारिश हो रही है
दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में सुबह से ही हल्की बारिश हो रही है
Rain in Delhi: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है. दिल्ली समेत आसपास के कई इलाकों में हल्की बारिश हो रही है. बारिश की वजह से एक बार फिर ठंड बढ़ गई है. दिल्ली, सोनीपत, खरखोदा, गुरुग्राम, जिंद, हिसार, गोहाना, गन्नौर, हांसी, सिवानी, महम, रोहतक और झज्जरी में बारिश हो रही है.
20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवाएं
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है. इससे लोगों को सर्दी और सताएगी. मौसम विभाग ने मंगलवार को ही यह चेतावनी दी थी कि कई जगहों पर मौसम का मिजाज बदल सकता है. पश्चिमी विक्षोभ(Western Disturbances) की वजह से दिनभर बादल छाए रहेंगे. साथ ही बारिश को लेकर भी अलर्ट किया गया था.
09/02/2022: 06:05 IST; Thunderstorm with light to moderate intensity rain and winds with speed of 20-40 Km/h would occur over and adjoining areas of NCR ( Dadri, Greater Noida, Faridabad, Ballabhgarh) Kithor, Amroha, Garhmukteshwar, Pilakhua, Hapur, Gulaoti, Siyana, Sikandrabad,
— India Meteorological Department (@Indiametdept) February 9, 2022
4 से 5 डिग्री गिरा पारा
बारिश की वजह से दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में पारा 4 से 5 डिग्री तक नीचे आ गया है. दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम पारा 21 डिग्री और न्यूनतम पारा 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था. वहीं, बुधवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
शुक्रवार से ठीक होगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार दोपहर के बाद से धीरे-धीरे मौसम ठीक होगा. हालांकि, दिनभर बादल छाए रहने की उम्मीद है. शुक्रवार को फिर से धूप निकल सकती है जिससे लोगों को हल्की राहत महसूस होगी. इसके बाद धीरे-धीरे पारा चढ़ेगा और ठंड कम होने के आसार हैं. इससे लोगों को और राहत मिल सकती है.
जनवरी में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड
इससे पहले जनवरी में हुई बारिश ने दिल्ली में पिछले कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया. पूरे महीने में करीब 6 से 7 दिनों तक बारिश हुई. हर बार की तुलना में इस बार मौसम काफी बदला-बदला रहा. बारिश की वजह से कई दिन तापमान औसत से काफी नीचे रहा और जबरदस्त ठंड पड़ी.
ऐसा रह सकता है दिल्ली में अगले 5 दिनों का तापमान-
| तारीख | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
| 10 फरवरी | 20 | 9 |
| 11 फरवरी | 20 | 8 |
| 12 फरवरी | 21 | 9 |
| 13 फरवरी | 22 | 9 |
| 14 फरवरी | 22 | 11 |