weather update today 9 june 2026
weather update today 9 june 2026
देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने 9 जून को उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और मध्य भारत तक 15 राज्यों के लिए भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. ऐसे में आम लोगों के साथ किसानों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडल स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास भी एक सक्रिय सिस्टम मौजूद है. इन्हीं मौसमीय परिस्थितियों के कारण कई राज्यों में तेज बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. 15 राज्यों में अलर्ट जारी कर बारिश और तेज आंधी की चेतावनी दी गई है. कई जगहों पर पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है.
दिल्ली-NCR में मिलेगी गर्मी से राहत
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही थी, लेकिन अब मौसम बदलने के संकेत हैं. 9 से 11 जून के बीच बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. हवा की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. बारिश के चलते तापमान में भी कुछ कमी आने की उम्मीद है. जहां सुबह का तापमान 43 डिग्री रहेगा, वहीं दोपहर का तापमान 31 डिग्री पर विश्राम करेगा.
यूपी और बिहार में सबसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत
उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं बिहार के पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया, किशनगंज, भागलपुर और आसपास के जिलों में भी तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है. लोगों को घर से निकलने से पहले सतर्क रहने की जरूरी है. बारिश में किसी पेड़ के नीचे न छीपे और घर से निकलने से पहले एकबार वेदर रिपोर्ट जरूर पढ़ें. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है.
झारखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी असर
झारखंड के रांची, धनबाद, बोकारो और जमशेदपुर में तेज बारिश और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन और आसपास के इलाकों में भी बारिश और तेज हवा का पूर्वानुमान है.
राजस्थान के जयपुर, अजमेर, बीकानेर, उदयपुर और भरतपुर समेत कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि का खतरा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना है. देहरादून, नैनीताल, चमोली, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जैसे क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित रहने की आशंका भी बनी हुई है.
किसानों और मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी
मौसम विभाग ने किसानों को खेतों में सावधानी बरतने और फसलों की सुरक्षा के उपाय करने की सलाह दी है. वहीं नदी और जलाशयों के आसपास रहने वाले लोगों तथा मछुआरों को भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक जोखिम न लेने की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग का कहना है कि 9 जून का दिन कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है. तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. ऐसे में मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर नजर रखना और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी होगा.