scorecardresearch

Weekly Weather Report: यूपी, बिहार से दिल्ली तक झमाझम बारिश, उत्तराखंड-हिमाचल में लैंडस्लाइड का बड़ा अलर्ट, जानें 13 से 19 जुलाई तक कैसा रहेगा आपके राज्य का मौसम

13 से 19 जुलाई 2026 के बीच देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा. दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश होगी, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के साथ भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना रहेगा.

Advertisement
India Weekly Weather Report India Weekly Weather Report

देशभर में मानसून का असर अगले सप्ताह भी बना रहेगा, लेकिन हर राज्य में मौसम का मिजाज एक जैसा नहीं होगा. जहां एक तरफ उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिम और दक्षिण के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर रहना वाला है. वहीं कुछ क्षेत्रों में बारिश के बीच धूप भी खिलती दिखाई देगी. मौसम विभाग ने कई राज्यों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है.

दिल्ली-एनसीआर
13 से 19 जुलाई के बीच दिल्ली-एनसीआर में बादलों का डेरा बना रहेगा. बीच-बीच में थोड़ी से ज्यादा बारिश होने के आसार हैं. 17 और 18 को तेज बारिश और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. तापमान सामान्य से कम रहेगा और आने वाले दिनों में उमस में भी राहत मिलने की उम्मीद है.

उत्तर प्रदेश
पूरे सप्ताह पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अच्छी-खासी बारिश की संभावना जताई गई है. कई इलाकों में भारी बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. लखनऊ, कानपुर, झांसी, गोरखपुर, बस्ती, और गोंडा के लोगों को बारिश को लेकर विशेष सतर्कता की जरूरत है.

बिहार
बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, किशनगंज, दरभंगा, और गया के आसपास के इलाके में पूरे सप्ताह मानसून सक्रिय रहने की उम्मीद है. इस जिलों और आसपास के क्षेत्र में रुक-रुककर बारिश हो सकती है. 13, 17 और 19 को कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का भी अनुमान जताया गया है.

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश
दोनों पहाड़ी राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. भूस्खलन और अचानक बाढ़ जैसी स्थितियां बन सकती हैं. यात्रियों और स्थानीय लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. खास कर पर्यटकों को बिना मौसम का मिजाज जानें कई स्थानों पर जाने से बचने को कहा गया है.

पंजाब
पंजाब में पूरे सप्ताह मानसून का असर बना रहेगा. अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला, बठिंडा, मोहाली, गुरदासपुर, और कपूरथला समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 14 से 17 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

हरियाणा 
हरियाणा में भी सप्ताहभर बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं. अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह (मेवात), हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में भारी बारिश के कारण जलभराव की स्थिति भी बन सकती है.

चंडीगढ़ 
चंडीगढ़ में पूरे सप्ताह बादलों का डेरा बना रहेगा. 13 से 17 जुलाई के बीच रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ समय के लिए तेज बारिश भी हो सकती है. बारिश के चलते तापमान सामान्य से कम रहेगा और उमस से राहत मिलेगी. 

राजस्थान
पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहेंगी. कुछ इलाकों में धूप और बादलों की आंख-मिचौली जारी रहेगी. 

मध्य प्रदेश 
मध्य प्रदेश में अगले पूरे सप्ताह मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने की संभावना है. भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, सागर, रीवा, शहडोल, छिंदवाड़ा, बालाघाट, अशोकनगर, सीहोर और हरदा समेत कई जिलों में 14 से 17 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में भी पूरे सप्ताह अच्छी बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं. रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, धमतरी, गरियाबंद, सूरजपुर, सरगुजा, कोरिया, जशपुर और बलरामपुर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. बस्तर संभाग और दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है. 

झारखंड
झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर, हजारीबाग, गिरिडीह, दुमका, पलामू, गढ़वा, चतरा, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रामगढ़, कोडरमा, लातेहार, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम समेत अधिकांश जिलों में 14 से 17 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. बारिश से तापमान में गिरावट आएगी.

पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, मुर्शिदाबाद, मालदा, दार्जिलिंग, कूचबिहार और कालिम्पोंग सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं गंगा के मैदानी इलाकों में भी रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. तेज बारिश के दौरान जलभराव और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

ओडिशा 
ओडिशा में भी आने वाले सप्ताह में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. भुवनेश्वर, कटक, पुरी, मलकानगिरी, नबरंगपुर, कालाहांडी, नुआपाड़ा, झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़, क्योंझर, मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, ढेंकानाल, अंगुल, कंधमाल और रायगढ़ा समेत अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 14 से 17 जुलाई के बीच दक्षिणी और तटीय जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. 

महाराष्ट्र
कोंकण, मुंबई, ठाणे, पालघर और गोवा से सटे इलाकों में अच्छी बारिश जारी रह सकती है. विदर्भ और मराठवाड़ा में भी कई स्थानों पर बारिश के आसार हैं. 13, 15 और 17 को तेज हवा के साथ भारी बारिश दर्ज की जा सकती है.
 
गुजरात
दक्षिण गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे. हालांकि बारिश का दौर कम देखने को मिल रहा लेकिन जरा भी बारिश तापमान में गिरावट ला सकती है.

गोवा
पूरे सप्ताह रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है. समुद्री इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं. खास कर मानसून का असर 14 से 17 तक बना रहेगा और बारिश का कारण तापमान में गिरावट आएगी. पर्यटकों के लिए ये मौसम अच्छा हो सकता है.

जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, कुलगाम, शोपियां, गांदरबल, बांदीपोरा, कुपवाड़ा, डोडा, किश्तवाड़, रामबन, उधमपुर, रियासी, पुंछ, राजौरी, सांबा और कठुआ समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 14 से 17 जुलाई के बीच जम्मू संभाग के कुछ इलाकों और पहाड़ी जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है.

लद्दाख
लद्दाख में सप्ताहभर मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा, लेकिन कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. 15 से 17 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. दिन में मौसम सुहावना रहेगा, जबकि सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बना रहेगा. 

पूर्वोत्तर भारत
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम में पूरे सप्ताह मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की जा सकती है.

दक्षिण भारत
केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और यनम में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा. तटीय इलाकों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है.

कुछ केंद्र शासित प्रदेशों में मौसम का हाल
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह- रुक-रुककर बारिश.
लक्षद्वीप- हल्की से मध्यम बारिश.
दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव- बीच-बीच में बारिश.
पुडुचेरी- हल्की से मध्यम बारिश.
 

ये भी पढ़ें