scorecardresearch

Why Sugar Price Hike: चीनी 15% तक हुई महंगी, क्या देश में हो गई कमी? जानें AISTA और ISMA की बड़ी चेतावनी

चीनी की कीमतें बढ़ने के बीच AISTA ने कहा कि देश में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. संगठन ने अफवाहों, जमाखोरी और घबराहट में खरीदारी से बचने तथा नियमों का पालन करने की अपील की है.

चीनी के दाम में 15 फीसदी की बढ़त चीनी के दाम में 15 फीसदी की बढ़त

पिछले कुछ समय में चीनी की एक्स-फैक्ट्री कीमतों में करीब 15 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इसके बाद बाजार में चीनी की कमी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और अफवाहें फैलने लगीं. हालांकि, ऑल इंडिया शुगर ट्रेड एसोसिएशन (AISTA) ने इन सभी आशंकाओं को पूरी तरह निराधार बताया है. संगठन का कहना है कि देश में घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त चीनी का स्टॉक उपलब्ध है. ऐसे में किसी तरह की घबराहट या चिंता की जरूरत नहीं है.

क्या कहा AISTA ने?
ऑल इंडिया शुगर ट्रेड एसोसिएशन (AISTA) ने अपने 700 से अधिक संबद्ध सदस्यों और अन्य हितधारकों को संदेश भेजकर साफ कहा है कि बाजार में बेवजह घबराहट का माहौल न बनाया जाए. संगठन ने अपील की है कि चीनी की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की अफवाह फैलाने से बचें और लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा न करें.

AISTA के मुताबिक, कीमतों में बढ़ोतरी को चीनी की कमी से जोड़कर देखा जा रहा है, जबकि वास्तविक स्थिति इससे अलग है. संगठन का कहना है कि घरेलू मांग को पूरा करने के लिए देश में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और फिलहाल सप्लाई को लेकर कोई संकट नहीं है.

पहले भी दो बड़े संगठनों ने दिया था भरोसा
AISTA से पहले इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) और नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज (NFCSF) भी संयुक्त रूप से स्पष्ट कर चुके हैं कि देश में चीनी की कोई कमी नहीं है. इसके साथ ही चीनी उद्योग ने अनुकूल कृषि एवं मौसम संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए 2026-27 के क्रशिंग सीजन की शुरुआत तय समय से पहले करने पर सहमति जताई है. इससे नई चीनी जल्द बाजार में आएगी और आपूर्ति पहले से अधिक मजबूत होगी.

AISTA चेयरमैन ने कारोबारियों से क्या अपील की?
AISTA के चेयरमैन प्रफुल्ल विठलानी ने कहा कि कीमतों में सामान्य बढ़ोतरी की वजह से लोगों के बीच चीनी की कमी का गलत संदेश जा रहा है. उन्होंने चीनी मिलों, ट्रेडिंग हाउस, थोक व्यापारियों, वितरकों और संस्थागत ग्राहकों समेत पूरी वैल्यू चेन से सकारात्मक सहयोग करने की अपील की, ताकि देशभर में चीनी की उपलब्धता बिना किसी रुकावट के बनी रहे.

उन्होंने कोविड-19 महामारी का उदाहरण देते हुए कहा कि उस मुश्किल दौर में भी उद्योग ने चीनी की आपूर्ति बाधित नहीं होने दी थी. सरकार ने भी उस जिम्मेदार रवैये की सराहना की थी. उनका कहना है कि मौजूदा हालात में भी कारोबारियों को उसी जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए.

लोगों और कारोबारियों को क्या सलाह दी गई?
संगठन ने लोगों से जमाखोरी, घबराहट में खरीदारी और सट्टेबाजी जैसी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है. साथ ही सभी हितधारकों से कहा गया है कि वे सरकार के नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी या अफवाहों पर भरोसा न करें.

AISTA का कहना है कि उद्योग संगठनों की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद बाजार में राहत का माहौल है और देशभर में चीनी की आसान उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है.
 

ये भी पढ़ें