scorecardresearch

तीन महीने में 'आप' के 160 नेताओं व कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी! संजय सिंह ने भाजपा पर बोला हमला, आखिर क्यों डरी हुई है बीजेपी?

गुजरात प्रदेश अध्यक्ष ईशुदान गढ़वी की गिरफ्तारी के बाद, मनीष सिसोदिया ने कहा कि देश को बर्बाद कर चुकी भाजपा केवल एक ही काम करती है, जो भी आवाज़ उठाए उसको जेल में डाल दो.

Sanjay Singh Sanjay Singh

आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष ईशुदान गढ़वी की गिरफ्तारी पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत तमाम नेताओं ने भाजपा पर करारा हमला बोला है. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले तीन महीनों में गुजरात में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ 145 एफआईआर हो चुकी हैं और 160 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को  गिरफ़्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि भाजपा गुजरात में हार के डर से आम आदमी पार्टी से बुरी तरह से बौखलाई हुई है और अब तानाशाही पर उतर आई है.

तीन महीने में 160 गिरफ्तारी - संजय सिंह
संजय सिंह का कहना है कि पिछले तीन महीने में आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर 145 एफआईआर और करीब 160 नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है. उन्हें जेल में डाला गया, यातनाएं दी गईं और अपने पक्ष में झुकाने के लिए दबाव बनाया गया, लेकिन पार्टी के कार्यकर्ता और नेता चट्टान की तरह खड़े रहे.

संजय सिंह ने कहा कि मंगलवार को 'आप' कार्यकर्ता दीपक कुमार को कुछ गुंडों ने पीटा. जब वह अपनी शिकायत लेकर थाने गया, तो पुलिस ने उसी को गिरफ्तार कर लिया और उस पर धारा 307 लगा दी. इसके बाद जब पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ईशुदान गढ़वी थाने गए, तो उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया. संजय सिंह ने सवाल किया कि यह दादागिरी और भाजपा की घबराहट नहीं है तो और क्या है?

'आप' नेता झुकाएं नहीं जा सकते
संजय सिंह ने कहा कि ईशुदान गढ़वी की पूरे गुजरात में पकड़ है और उन पर ऐसी कार्रवाई करके सरकार उन्हें दबा नहीं पाएगी. आम आदमी पार्टी के लोग जेल जाते हैं, लाठियां खाते हैं, मुकदमे झेलते हैं और बाहर आकर फिर लड़ते हैं. ईशुदान गढ़वी भी बहादुर नेता हैं और वह भी बाहर आकर फिर से लड़ेंगे. 'आप' नेताओं को झुकाया नहीं जा सकता.

भाजपा को साफ करेगी 'आप'
संजय सिंह बोले कि गुजरात में भाजपा का सफाया आम आदमी पार्टी ही करेगी. ईशुदान गढ़वी के साथ पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल सहित पूरी पार्टी खड़ी है. उन्होंने बताया कि पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान वहां गए थे और वहां काफी बड़ी-बड़ी रैलियां हुई थीं. 

सिसोदिया ने भी साधा निशाना
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि पूरे देश को बर्बाद कर चुकी भाजपा केवल एक ही काम करती है, जो भी आवाज़ उठाए उसको जेल में डाल दो. 'आप' के गुजरात के अध्यक्ष ईशुदान गढ़वी की गिरफ्तारी भी उनकी हताशा का प्रमाण है. सत्ता में बैठे लोगों को यह याद रखना चाहिए कि जनता सब देख रही है और समय आने पर वही जनता इसका कड़ा जवाब भी देती है.

आखिर क्यों है भाजपा को डर - सौरभ भारद्वाज
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने ईशुदान गढ़वी की गिरफ्तारी का कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से गुजरात में हमारे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को गुजरात पुलिस लगातार गिरफ्तार कर रही है. अभी-अभी यह खबर आ रही है कि गुजरात की बीजेपी पुलिस ने गुजरात आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष ईशुदान गढ़वी को भी अरेस्ट कर लिया है. मैं पूछना चाहता हूं कि भाजपा को आखिर इतना डर क्यों है भाई?