scorecardresearch

पति ने प्लॉट बेचकर रखे थे 13 लाख रुपए, पत्नी ऑनलाइन सट्टे में हारी लाखों रुपए तो अपने ही घर कर डाली चोरी

राजस्थान के भीलवाड़ा शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने जब एक सूने मकान में 13 लाख रुपए की चोरी का पर्दाफाश किया तो चोर और कौई नहीं बल्कि घर की मालकिन शिप्रा जैन निकली जिसे पुलिस ने अपने ही घर में चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया.

online gambling online gambling
हाइलाइट्स
  • अपने घर से ही चुरा लिए तेरह लाख रुपए

  • पत्नी ऑनलाइन सट्टे में हारी लाखों रुपए

राजस्थान के भीलवाड़ा में ऑनलाइन सट्टे की लत ने एक महिला को इस कदर जकड़ लिया कि लाखों रुपए हारने के बाद उसने अपने ही घर में 13 लाख रुपए की चोरी का नाटक रच दिया. भीमगंज थाना पुलिस ने मामले की जांच के बाद घर की मालकिन शिप्रा जैन को ही चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस जांच में सामने आया कि महिला ने सट्टे में गंवाई रकम छिपाने के लिए पूरी साजिश रची थी.

बाजार से लौटे तो खुला मिला घर का गेट
भीमगंज थाना क्षेत्र के तिलक नगर निवासी संदीप कुमार जैन ने 23 जून को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि 22 जून की रात करीब 8 बजे वह पत्नी शिप्रा जैन के साथ बाजार गए थे. रात करीब 9:30 बजे लौटने पर घर का मुख्य गेट खुला मिला. कमरे में पलंग का बॉक्स खुला था और उसमें रखा नीले रंग का बैग गायब था. बैग में 13 लाख रुपए नकद रखे थे.

प्लॉट बेचकर घर में रखे थे रुपए
संदीप जैन ने पुलिस को बताया कि वह प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं. हाल ही में एक प्लॉट बेचने के बाद मिले 13 लाख रुपए उन्होंने घर में रखे थे, जिन्हें अगले दिन एक पार्टी को देना था. चोरी की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

मनोवैज्ञानिक पूछताछ में टूटा महिला का झूठ
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल और परिस्थितियों पर संदेह हुआ. इसके बाद शिप्रा जैन से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई, जिसमें उसने पूरा सच कबूल लिया. महिला ने बताया कि उसे ऑनलाइन सट्टा खेलने की लत लग गई थी. उसने पति की अलमारी में रखी नकदी धीरे-धीरे सट्टे में लगा दी और लाखों रुपए हार गई. रकम का हिसाब छिपाने के लिए उसने घर में चोरी का झूठा ड्रामा रचा और पति के साथ मिलकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज करा दी. पुलिस ने खुलासा होने के बाद शिप्रा जैन को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

-प्रमोद तिवारी की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: