महिला को वापस मिला खोया सामान
महिला को वापस मिला खोया सामान
अपने बेटे के इलाज के लिए पहुंची एक महिला उस वक्त घबरा गई, जब उसका जवेलरी से भरा बैग अचानक गायब हो गया. कयामपुर निवासी लताबाई पति ने कोतवाली पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसके बेटे की तबीयत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. घर पर सुरक्षा की दृष्टि से वो अपने आभूषण अपने साथ बेग मे भरकर अस्पताल ले आई थीं.
23-24 अगस्त की रात अस्पताल में उनके पास मौजूद बैग में करीब 4 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, करीब 2 हजार रुपए नकद और खाने पिने का सामान रखा था. रात करीब 1 बजे से सुबह 6 बजे के बीच बैग गायब होने का पता चला. महिला और उसके परिवार की चिंता बढ़ गई थीं. बैग में सोने का मंगलसूत्र, सोने की बालियां, सोने के मोती, चांदी की पायल समेत कई कीमती आभूषण थे.
लाखों की ज्वैलरी से भरा बैग गायब होने के बाद महिला ने पुलिस से मदद मांगी. कोतवाली पुलिस ने तत्काल अस्पताल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, फुटेज में जो सामने आया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. दरअसल बैग किसी चोर ने नहीं बल्कि एक कुत्ते ने उठाया था और वह बैग लेकर अस्पताल परिसर से बाहर निकल गया था. सीसीटीवी मे देखा जा सकता है की एक कुत्ता सुबह 4 बजे अस्पताल के सर्जिकल वार्ड मे घूम रहा है ओर बेग मुँह मे दबाकर दरवाजे से बाहर ले जा रहा है.
वार्ड से बाहर निकलने के बाद पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर लगे CCTV कैमरों के जरिए कुत्ते की दिशा और गतिविधियों को ट्रेस किया और लगातार तलाश करते हुए ज्वेलरी से भरा बैग बरामद कर लिया. बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान सुरक्षित मिलने पर लताबाई ने राहत की सांस ली.
कोतवाली पुलिस की टीम ने आवश्यक कार्रवाई के बाद पूरा सामान महिला को वापस सौंप दिया. महिला ने पुलिस की तत्परता के लिए आभार जताया, हालांकि इस पूरे मामले ने जिला अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.