scorecardresearch

Women Reservation Bill: लोकसभा से लेकर विधानसभा तक... नारी शक्ति की बढ़ेगी भागेदारी... जानें किस दल में महिलाओं की कितनी हिस्सेदारी

Women Reservation Act 2023: महिला आरक्षण अधिनियम-2023 के लागू होने के बाद लोकसभा और विधानसभाओं में नारी शक्ति की भागेदारी और बढ़ेगी. वर्तमान 18वीं लोकसभा में कुल 543 सांसदों में से 75 महिला सांसद हैं. भारतीय जनता पार्टी की सबसे ज्यादा 31 महिला सांसद हैं. आज हम आपको बता रहे हैं कि किस दल में महिलाओं की कितनी हिस्सेदारी है. 

Women Reservation Act 2023 Women Reservation Act 2023

Women’s in Politics: महिला आरक्षण अधिनियम-2023 (Women Reservation Act 2023) के लागू होने के बाद लोकसभा (Lok Sabha) और राज्य विधानसभाओं (Assemblies) में नारी शक्ति की भागेदारी और बढ़ेगी. इस एक्ट के तहत लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% (एक-तिहाई) सीटें आरक्षित की गई हैं. वर्तमान 18वीं लोकसभा में कुल 543 सांसदों में से 75 महिला सांसद हैं. भारतीय जनता पार्टी की सबसे ज्यादा 31 महिला सांसद हैं. आज हम आपको बता रहे हैं कि किस दल में महिलाओं की कितनी हिस्सेदारी है. 

लोकसभा में किस पार्टी से कितनी हैं महिला सांसद 
वर्तमान समय में लोकसभा में कुल 543 सांसद और राज्यसभा में कुल 245 सदस्य हैं. लोकसभा में महिला सदस्यों की संख्या 75 और राज्यसभा में 42 है. मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक लोकसभा में लगभग 14% और राज्सभा में 17.14% महिलाओं की भागीदारी है. देश की राज्य विधानसभाओं में महिला विधायकों की भागीदारी सिर्फ 9% है. लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सबसे ज्यादा 31 महिला सांसद हैं. 

इसके बाद दूसरे नंबर पर 14 महिला सांसदों  के साथ कांग्रेस है. तीसरे नंबर पर ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस है, जिसकी 11 महिला सांसद लोकसभा में हैं. इसके अलावा लोजपा की 2 महिला सांसद, जदयू की 2 महिला सांसद, द्रमुक की 3 महिला सांसद, सपा की 5 महिला सांसद और अन्य की तरफ से 7 महिला सांसद लोकसभा में हैं. आपको मालूम हो कि झामुमो, राजद, तेदेपा, अपना दल, वाईएसआरसीपी, शिअद, राकांपा-शरदचंद्र पवार समेत सात दल के पास एक-एक महिला सांसद हैं. लोकसभा में महिला सासंदों के अनुपात के लिहाज से देखें तो सबसे ज्यादा महिला सांसद तृणमूल कांग्रेस से हैं. अनुपात के मामले में बीजेपी सबसे पिछड़ी पार्टियों में से एक है.

कुल इतनी हैं महिला सांसद और विधायक 
मौजूदा समय में कुल महिला सांसदों और विधायकों की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी में 194 हैं. कांग्रेस में 72 महिला सांसद और विधायक हैं. तृणमूल कांग्रेस में 45 महिला सांसद और विधायक हैं. तेलुगु देशम पार्टी में 21 महिला सांसद और विधायक हैं. समाजवादी पार्टी में 19 महिला सांसद और विधायक हैं. जनता दल यूनाइटेड में 12 महिला सांसद और विधायक हैं. 

लोकसभा चुनाव 2024 में सिर्फ इतनी महिलाएं थी मैदान में 
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्मस के एक विश्लेषण के मुताबिक लोकसभा चुनाव 2024 में कुल 8360 उम्मीदवार चुनावी मैदान में खड़े हुए थे. इनमें सिर्फ 800 महिला उम्मीदवार थीं यानी कुल 9.60 फीसदी. लोकसभा चुनाव 2024 में 543 सीटों में से 152 पर यानी करीब 28 फीसदी सीटों पर एक भी महिला उम्मीदवार खड़ी नहीं थीं. बीजेपी ने 16 फीसदी महिलाओं को और कांग्रेस व माकपा ने 13-13%  महिलाओं को टिकट दिया था. बसपा ने 8 फीसदी महिलाओं को टिकट दिया था. 

दुनिया में कितनी है महिला सांसदों की भागीदारी
2023 में जारी आंकड़ों के मुताबिक दुनिया भर के संसद में महिलाओं की भागीदारी 26.9% है. भारत इस औसत से काफी नीचे है. इसी अंतर को कम करने और राजनीति में महिलाओं की मजबूत मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए महिला आरक्षण अधिनियम-2023 लाया गया है. संयुक्त राष्ट्र संघ के आंकड़ों के मुताबिक 1 जनवरी 2026 तक दुनिया में 28 देश ऐसे हैं, जहां कुल 30 महिलाएं राष्ट्राध्यक्ष या फिर सरकार के प्रमुख पद पर कार्यरत हैं. 28 देशों में से 16 देशों की महिलाएं Head of State की भूमिका में काम कर रही हैं. 21 देशों की महिलाएं Head of Government के रूप में काम कर रही हैं.

कैबिनेट मंत्रियों के तौर पर दुनिया में 22.4% महिलाएं काम कर रही हैं. संयुक्त राष्ट्र संघ के आंकड़ों के मुताबिक दुनिया में केवल 14 देश ही ऐसे हैं, जहां महिलाएं कैबिनेट मंत्रियों के पद 50 प्रतिशत या उससे ज्यादा है. दुनिया की संसद में बतौर सदस्य काम करने वाली महिलाओं का प्रतिशत 27.5 प्रतिशत है. दुनिया के सिर्फ 7 देश ऐसे हैं, जहां की संसद के निचले सदन में 50 प्रतिशत या उससे ज्यादा महिलाएं काम कर रही हैं. रवांडा के संसद 64 प्रतिशत महिलाएं, क्यूबा में 57 प्रतिशत, निकारागुआ में 55 प्रतिशत, बोलीविया में 51 प्रतिशत, अंडोरा में 50 प्रतिशत, मेक्सिको में 50 प्रतिशत और संयुक्त अरब अमीरात की संसद में 50 प्रतिशत महिलाएं हैं. दक्षिण अफ्रीका में 46 फीसदी सांसद महिलाएं हैं. ब्रिटेन में 40-41 फीसदी महिला सांसद हैं. अमेरिका के दोनों सदनों में 25 फीसदी से ज्यादा महिला सांसद हैं. 

बंगाल चुनाव में किस पार्टी ने कितनी महिलाओं को दिया है टिकट 
पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 23 और 29 अप्रैल 2026 को होने हैं. विधानसभा चुनावों के नतीजे 4 मई 2026 को जारी होंगे. इस चुनाव में सबसे अधिक महिला उम्मीदवारों को टिकट ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने दिया है.तृणमूल कांग्रेस ने 52 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है. प्रतिशत के हिसाब से देखें तो कुल उम्मीदवारों का लगभग 17.86% महिला उम्मीदवार हैं. उधर, बीजेपी ने 33 महिलाओं को टिकट दिया है. यह इस पार्टी के कुल उम्मीदवारों का लगभग 11.22% फीसदी है. कांग्रेस ने 35 महिलाओं को टिकट दिया है, जो कुल उम्मीदवारों का 12.32% फीसदी है. लेफ्ट फ्रंट ने 34 सीटों पर महिलाओं को अपना उम्मीदवार बनाया है, जो कुल उम्मीदवारों का 13.83% है.