scorecardresearch

Yogi Adityanath Agra Visit: सीएम योगी ने आगरा को दी 342 करोड़ की 53 परियोजनाओं की सौगात, सपा और विपक्ष पर साधा निशाना

आगरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 342 करोड़ रुपये की 53 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया. जनसभा में उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास और 2027 चुनाव को लेकर विपक्ष पर भी निशाना साधा.

cm yogi attacks akhilesh yadav in Agra cm yogi attacks akhilesh yadav in Agra

आगरा के टाटा ग्राउंड में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 342 करोड़ रुपये की 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने आगरावासियों को विकास कार्यों की सौगात देते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया. जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में 'सैफई सिंडिकेट' चलता था, जो युवाओं की नौकरियों पर कुंडली मारकर बैठा रहता था. उन्होंने कहा कि उस समय महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा भगवान भरोसे थी, जबकि आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है.

बिना नाम लिए अखिलेश यादव पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कुछ नेता वातानुकूलित कमरों से राजनीति करते हैं. वे दोपहर 12 बजे सोकर उठते हैं, दो बजे तैयार होते हैं, शाम 5 बजे जिम चले जाते हैं और रात 7 बजे मित्र मंडली के साथ मौज-मस्ती में व्यस्त रहते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे लोग प्रदेश के विकास और जनता की समस्याओं को नहीं समझ सकते. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यही वजह थी कि उस समय हर जिले में एक माफिया पैदा हो गया था.

अपराधियों के लिए दो ही जगह- जेल या जहन्नुम
महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब अपराधियों और माफिया के लिए केवल दो ही जगह बची हैं, पहली है जेल या जहन्नुम. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम कर रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.

2027 का चुनाव विकास और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव विकास, सुशासन और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर लड़ा जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने सुरक्षा और विकास का अंतर देखा है और आगे भी इसी विश्वास के साथ सरकार का साथ देगी. कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों से हमारे संवाददाता नितिन उपाध्याय ने भी बातचीत की और विकास परियोजनाओं तथा मुख्यमंत्री के संबोधन को लेकर उनकी प्रतिक्रिया जानी.
 

ये भी पढ़ें