छोटे भाई ने बड़े भाई की जान ले ली
छोटे भाई ने बड़े भाई की जान ले ली
गुजरात के डांग जिले के आहवा तालुका में दो सगे भाइयों के बीच हुई मामूली बहस ने खौफनाक रूप ले लिया. बेरोजगार बड़े भाई को काम-धंधा करने की सलाह देना छोटे भाई को इतना नागवार गुजरा कि विवाद बढ़ने पर उसने धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में बड़े भाई की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है.
खाना खाने के दौरान शुरू हुई बहस
यह घटना आहवा के भवानदगढ़ इलाके की है. यहां 26 वर्षीय रंजीत पवार मजदूरी करता था और इसी से अपने परिवार का खर्च चलाता था. उसका 28 वर्षीय बड़ा भाई गजेंद्र पवार बेरोजगार था. मंगलवार शाम रंजीत मजदूरी करके घर लौटा था. इसके बाद दोनों भाई परिवार के साथ खाना खाने बैठे.
इसी दौरान रंजीत ने अपने बड़े भाई गजेंद्र को काम-धंधा करने की सलाह दी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. शुरुआत में विवाद सामान्य था, लेकिन कुछ ही देर में दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी और मामला मारपीट तक पहुंच गया.
धारदार हथियार से किया हमला
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान रंजीत ने पास में पड़े धारदार हथियार से गजेंद्र पर हमला कर दिया. हमले में गजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद आहवा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी रंजीत को कथित हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब दोनों भाइयों के बीच पहले से किसी विवाद और घटना के पीछे की पूरी वजह की जांच कर रही है. गवाहों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं.
ये भी पढ़ें: