scorecardresearch
Advertisement

Sawan First Somwar 2026: सावन का पहला सोमवार, महाकाल की भस्म आरती से काशी विश्वनाथ तक उमड़ी भक्तों की भीड़

सावन महीने के पहले सोमवार और पंचमी तिथि के पावन अवसर पर देशभर के शिवालयों में शिव भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में तड़के बाबा महाकाल की विशेष भस्म आरती और पंचामृत पूजन के साथ जलाभिषेक किया गया। शाम को महाकाल की पारंपरिक पालकी सवारी भी निकाली जाएगी। वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में भी दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं और कांवड़ियों ने गंगा स्नान कर जलाभिषेक किया। दिल्ली के प्रसिद्ध 800 साल पुराने गौरी शंकर मंदिर, गाजियाबाद के दुधेश्वरनाथ और अयोध्या के नागेश्वरनाथ मंदिर में देर रात से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मान्यताओं के अनुसार सावन माह में भगवान शिव की आराधना और जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। पूरे देश में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों की गूंज है।