Ayodhya Ram Mandir
Ayodhya Ram Mandir
अयोध्या के राम मंदिर से जुड़ा 4 करोड़ रुपए का चेक बाउंस होने का मामला सामने आया है. चेन्नई की एक महिला श्रद्धालु ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को मंदिर में काम करने वाले कर्मचारियों की सुविधाओं के लिए 4 करोड़ रुपए का चेक दिया था. ट्रस्ट ने चेक बैंक में जमा कराया, लेकिन जांच के दौरान संबंधित खाते में सिर्फ 3 रुपए मिले. खाते में पर्याप्त रकम नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गया. महिला श्रद्धालु ने राम मंदिर के लिए अलग से 10 हजार रुपए का दान भी दिया था. उनका कहना था कि 4 करोड़ रुपए की राशि विशेष रूप से मंदिर के कर्मचारियों की सुविधाओं और वेतन में सुधार पर खर्च की जाए.
महिला चाहती थीं लिखित आश्वासन
जानकारी के मुताबिक, महिला श्रद्धालु चाहती थीं कि उनके दिए गए 4 करोड़ रुपए का इस्तेमाल केवल मंदिर कर्मचारियों के हित में किया जाए. इसके लिए उन्होंने ट्रस्ट से लिखित आश्वासन भी मांगा था. हालांकि, ट्रस्ट की ओर से ऐसा लिखित आश्वासन दिए जाने की बात सामने नहीं आई है. इसी दौरान महिला ने कर्मचारियों के लिए 4 करोड़ रुपए का चेक और मंदिर के लिए अलग से 10 हजार रुपए दान किए.
खाते में सिर्फ 3 रुपए, इसलिए बाउंस हुआ चेक
ट्रस्ट की ओर से चेक बैंक में जमा कराने के बाद खाते की जांच की गई. इसमें संबंधित खाते में महज 3 रुपए की राशि होने की बात सामने आई. 4 करोड़ रुपए के भुगतान के लिए पर्याप्त रकम नहीं होने के कारण बैंक ने चेक का भुगतान नहीं किया और वह बाउंस हो गया. अब बैंक की ओर से चेक जारी करने वाली महिला को नोटिस भेजे जाने की तैयारी की जानकारी सामने आई है. नोटिस में खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के बावजूद इतना बड़ा चेक जारी करने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है. चेक बाउंस के मामलों में नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है. हालांकि, इस मामले में फिलहाल ट्रस्ट की ओर से महिला श्रद्धालु से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश किए जाने की जानकारी है.
ट्रस्ट की ओर से अभी आधिकारिक बयान नहीं
4 करोड़ रुपए का चेक बाउंस होने के मामले में अभी तक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ऐसे में मामले की पूरी स्थिति ट्रस्ट की ओर से जानकारी दिए जाने के बाद ही स्पष्ट होगी.
2020 में भी बाउंस हुए थे करोड़ों के चेक
राम मंदिर निर्माण के लिए वर्ष 2020 में चलाए गए निधि समर्पण अभियान के दौरान 45 दिनों में करीब 3,500 करोड़ रुपए की सहयोग राशि जुटाई गई थी. इस अभियान में श्रद्धालुओं ने चेक के जरिए भी बड़ी संख्या में योगदान दिया था. उस दौरान तकनीकी और अन्य कारणों से करीब 100 करोड़ रुपए के चेक बाउंस होने की जानकारी सामने आई थी. बाद में ज्यादातर चेक दोबारा जमा कराए गए और उनकी राशि की भरपाई हो गई थी. हालांकि, करीब 22 करोड़ रुपए के चेक की रकम की रिकवरी बाकी रहने की बात भी सामने आई थी.
राम मंदिर को हर महीने करोड़ों का दान
रामलला के मंदिर में हर महीने अलग-अलग माध्यमों से करीब 3 से 4 करोड़ रुपए का दान मिलने की जानकारी है. इसमें नकद, ऑनलाइन ट्रांसफर और चेक से मिलने वाली राशि शामिल है. बताया जाता है कि हर महीने करीब 1 से 1.5 करोड़ रुपए का दान चेक के जरिए प्राप्त होता है. ऐसे में 4 करोड़ रुपए का चेक बाउंस होने के बाद बड़ी रकम के चेक स्वीकार करने और उनकी क्लियरिंग को लेकर ट्रस्ट अतिरिक्त सतर्कता बरत सकता है.
ये भी पढ़ें