Natural mosquito repellents
Natural mosquito repellents
गर्मी आते ही मच्छरों की समस्या तेजी से बढ़ जाती है. मच्छर लोगों की नींद और आराम दोनों छीन लेते हैं. मच्छर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों के वाहक होते हैं. मच्छरों के काटने से फैलने वाली बीमारियों के कारण हर साल दुनिया भर में करीब 10 लाख लोगों की मौत हो जाती है.
मच्छर भगाने का नेचुरल तरीका
दुनिया भर में मच्छरों की 3700 से अधिक प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें से कई इंसानों के लिए बेहद खतरनाक होती हैं. इसलिए जरूरी है कि घर और आसपास के वातावरण को ऐसा बनाया जाए जिससे मच्छर दूर रहें. कई नेचुरल और सुरक्षित उपाय अपनाकर मच्छरों से काफी हद तक छुटकारा पाया जा सकता है.
आप मच्छरों को भगाने के लिए ये नेचुरल तरीके भी अपना सकते हैं.
कपूर से भागते हैं मच्छर
कपूर की तेज गंध मच्छरों को बिल्कुल पसंद नहीं होती. शाम के समय घर के किसी कमरे में कपूर जलाकर 10-15 मिनट के लिए दरवाजे-खिड़कियां बंद कर दें. इसके बाद कमरा खोल दें. इससे कमरे में मौजूद मच्छर काफी हद तक खत्म हो सकते हैं.
नीम का तेल
नीम को प्राकृतिक कीटनाशक माना जाता है. नीम के तेल को थोड़ा नारियल तेल में मिलाकर त्वचा पर लगा सकते हैं. यह कई घंटों तक मच्छरों को दूर रखने में मदद करता है.
नींबू और लौंग कमरे में रखें
एक नींबू को आधा काट लें और उसमें 5-6 लौंग लगा दें. इसे कमरे में रख दें. नींबू और लौंग की मिश्रित गंध मच्छरों को दूर रखने में मदद करती है.
गार्लिक स्प्रे
लहसुन में मौजूद सल्फर कंपाउंड की गंध भी मच्छरों को दूर रखती है. लहसुन को पानी में उबालकर उसका घोल बना लें. इस पानी को स्प्रे बोतल में भरकर घर के कोनों में छिड़काव करें.
मिंट स्प्रे से दूर रहते हैं मच्छर
पुदीना की खुशबू भी मच्छरों को पसंद नहीं आती. पुदीना के तेल को पानी में मिलाकर बिस्तर के आसपास या कमरे में स्प्रे किया जा सकता है.
नीलगिरी का तेल
नीलगिरी के तेल को नारियल तेल में मिलाकर त्वचा पर लगाने से भी मच्छरों से बचाव हो सकता है.
तुलसी और लेमनग्रास के पौधे घर में लगाएं
घर की बालकनी, खिड़की या आंगन में तुलसी और लेमनग्रास के पौधे लगाने से भी मच्छर कम आते हैं क्योंकि इनकी खुशबू उन्हें पसंद नहीं होती.
घर में ज्यादा मच्छर हो तो क्या करें?
घर के आसपास पानी जमा न होने दें, क्योंकि मच्छर साफ या गंदे पानी में ही अंडे देते हैं.
पानी की टंकी, कूलर और गमलों की प्लेट नियमित साफ करें.
शाम के समय दरवाजे-खिड़कियों पर जाली लगाएं.
सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें.
कमरे में एयर सर्कुलेशन बनाए रखें, पंखा चलने से भी मच्छर कम आते हैं.