scorecardresearch

बेटी किसी लड़के के संपर्क में न आए इसलिए मां-बाप ने उसका सिर मुंडवाया, घर के अंदर बंद भी किया

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके माता-पिता को यह डर था कि वह किसी लड़के के संपर्क में न आ जाए. इसी आशंका के चलते उन्होंने जबरन उसका सिर मुंडवा दिया.

Advertisement
Girl Head Shaved: Photo: AI Girl Head Shaved: Photo: AI

महाराष्ट्र के अमरावती जिले के वरूड थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां 16 साल की एक किशोरी ने अपने ही माता-पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं. किशोरी का कहना है कि उसके माता-पिता ने उसके साथ बेहद सख्त और अमानवीय व्यवहार किया.

सिर मुंडवाया, विरोध पर की मारपीट
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके माता-पिता को यह डर था कि वह किसी लड़के के संपर्क में न आ जाए. इसी आशंका के चलते उन्होंने जबरन उसका सिर मुंडवा दिया. जब किशोरी ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई. इतना ही नहीं, उसे घर के अंदर ही बंद कर दिया गया, जिससे वह मानसिक रूप से भी काफी डर गई थी.

हिम्मत जुटाकर थाने पहुंची किशोरी
डरी-सहमी किशोरी ने आखिरकार हिम्मत दिखाई और सीधे पुलिस थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई. उसके बयान के आधार पर पुलिस ने माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

बाल न्याय अधिनियम के तहत केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में बाल न्याय (देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 74 के तहत कार्रवाई की है. अधिकारियों का कहना है कि यह केस पूरी तरह से किशोरी के स्पष्ट और विस्तृत बयान के आधार पर दर्ज किया गया है. फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

मां ने ही भेजा था थाने
प्राथमिक जांच में एक चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि किशोरी को थाने जाकर शिकायत करने के लिए उसकी मां ने ही भेजा था. इसके बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सका.

बाल निरीक्षण गृह में भेजी गई पीड़िता
वरूड थाना प्रभारी के अनुसार, किशोरी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे फिलहाल सरकारी बाल निरीक्षण गृह में रखा गया है. पुलिस का कहना है कि बच्ची की देखरेख और सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है.

-धनंजय सांबले की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: