scorecardresearch

Aloe Vera for Hair Fall: बालों का झड़ना रोकेगा एलोवेरा जेल, जानिए स्कैल्प को पोषण देने और चमक वापस लाने का आसान घरेलू तरीका

अगर आपके बाल भी बेवजह झड़ रहे हैं और सिर पर गंजापन दिखाई दे रहा है तो ये नुस्खा आपके काम आ सकता है.

बालों का झड़ना रोकने के उपाय (Photo/Representative Image) बालों का झड़ना रोकने के उपाय (Photo/Representative Image)

बालों का झड़ना आजकल एक बड़ी समस्या बन चुकी है. कई बार उम्र बढ़ने से कारण भी बाल झड़ते हैं. हालांकि खराब लाइफस्टाइल, तनाव, पोषण की कमी और प्रदूषण की भी बालों के झड़ने के पीछे बड़ी समस्या बन चुकी है। इस समस्या से निपटने के लिए लोग महंगे शैंपू, सीरम और ट्रीटमेंट पर हजारों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन कई बार सही पोषण न मिलने की वजह से बाल फिर भी कमजोर बने रहते हैं। अगर आप बालों को जड़ों से मजबूत बनाना चाहते हैं और उनमें नेचुरल शाइन लाना चाहते हैं, तो एलोवेरा जेल एक अच्छा और घरेलू उपाय हो सकता है। इसमें मौजूद कई सक्रिय चीजें बालों और स्कैल्प दोनों को फायदा पहुंचाती हैं।

क्यों फायदेमंद है एलोवेरा?
एलोवेरा में विटामिन A, C, E, B12, फोलिक एसिड, एंजाइम, अमीनो एसिड और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। ये तत्व स्कैल्प को हाइड्रेट रखने, डेड स्किन हटाने और बालों की जड़ों को स्वस्थ बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। एलोवेरा में मौजूद प्रोटियोलिटिक एंजाइम स्कैल्प की मृत कोशिकाओं को साफ करने में भी सहायक माने जाते हैं। जिससे बालों को पोषण मिलता है.

बाल झड़ने में कैसे करता है मदद?
जब स्कैल्प पर गंदगी, तेल और डैंड्रफ जमा होने लगता है, तो हेयर फॉल बढ़ जाता है। एलोवेरा स्कैल्प को साफ रखने और उसकी नमी बनाए रखने में मदद करता है। स्वस्थ स्कैल्प में बालों की जड़ें मजबूत रहती हैं, जिससे बाल टूटने और झड़ने की समस्या कुछ हद तक कम हो सकती है। हालांकि अगर बाल हार्मोनल कारणों या किसी बीमारी की वजह से झड़ रहे हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

ऐसे करें इस्तेमाल
ताजा एलोवेरा की पत्ती से जेल निकालें और सीधे स्कैल्प पर हाथों से मसाज करें। इसे 30 से 40 मिनट तक लगा रहने दें, फिर माइल्ड शैंपू से बाल धो लें। सप्ताह में 2 से 3 बार इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। चाहें तो इसमें थोड़ा नारियल तेल या कुछ बूंदें रोजमेरी एसेंशियल ऑयल (कैरियर ऑयल में मिलाकर) भी मिला सकते हैं।

बालों में क्यों आती है चमक?
रूखे और बेजान बालों की एक बड़ी वजह नमी की कमी होती है। एलोवेरा प्राकृतिक मॉइस्चराइजर की तरह काम करता है, जिससे बालों की क्यूटिकल्स स्मूद रहती हैं। इससे बाल अधिक मुलायम, सिल्की और चमकदार नजर आ सकते हैं। नियमित देखभाल के साथ बालों का टेक्सचर भी बेहतर महसूस हो सकता है।

इन बातों का भी रखें ध्यान
सिर्फ कोई एक घरेलू उपाय बालों की सभी समस्याओं का समाधान नहीं कर सकता। पर्याप्त प्रोटीन, आयरन, बायोटिन, जिंक और विटामिन-डी से भरपूर संतुलित आहार लेना भी जरूरी है। इसके अलावा तनाव कम रखें, पर्याप्त नींद लें और बार-बार हीट स्टाइलिंग या केमिकल ट्रीटमेंट से बचें। अगर लंबे समय तक तेज बाल झड़ना, स्कैल्प में खुजली या गंजापन बढ़ता दिखे, तो त्वचा रोग विशेषज्ञ से जांच कराएं. 
 

ये भी पढ़ें