scorecardresearch

पिता और भाई के साथ मॉल पहुंची महजबीन...पति को स्टोर से घसीटकर बाहर निकाला, बल्ले और हेलमेट से पीटकर पहुंचाया अस्पताल

सड़क पर पहुंचते ही आरोपियों ने सलीम खान पर क्रिकेट के बल्ले और हेलमेट से लगातार हमला करना शुरू कर दिया. अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

Wife Publicly Assaults Husband Wife Publicly Assaults Husband
हाइलाइट्स
  • पति को पीटकर पहुंचादिया अस्पताल

  • मॉल में जाकर की हाथापाई

गुजरात के आणंद शहर में एक युवक पर उसकी पूर्व पत्नी ने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर दिया. पूरी घटना मारुति सोलारिस मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है. घटना सोजित्रा रोड स्थित मारुति सोलारिस मॉल की है. जानकारी के मुताबिक, सलीम खान पठान नामक युवक यहां एक स्टोर में नौकरी करता है. दोपहर के समय उसकी पूर्व पत्नी महजबीन अपने पिता और भाई के साथ स्टोर में पहुंची. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों ने पहले सलीम को पकड़ लिया और फिर उसे जबरन घसीटते हुए दुकान से बाहर सड़क पर ले आए.

बल्ले और हेलमेट से ताबड़तोड़ पीटा
सड़क पर पहुंचते ही आरोपियों ने सलीम खान पर क्रिकेट के बल्ले और हेलमेट से लगातार हमला करना शुरू कर दिया. अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की. हमले में सलीम गंभीर रूप से घायल हो गया.

घायल को पहले आणंद के जनरल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

पीड़ित का आरोप- पैसों के विवाद में किया हमला
पीड़ित सलीम खान का कहना है कि उसका महजबीन से पहले ही तलाक हो चुका है. इसके बावजूद पूर्व पत्नी और उसके परिवार की ओर से लगातार पैसों की मांग की जा रही थी. सलीम का आरोप है कि इसी विवाद के चलते उस पर जानलेवा हमला किया गया. उसने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपी उसकी सोने की चेन और मोबाइल फोन भी छीनकर ले गए. साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई.

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद सलीम खान ने आणंद टाउन पुलिस स्टेशन में पूर्व पत्नी, उसके पिता और भाई के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

-हेताली शाह की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें