scorecardresearch

मोबाइल टॉवर पर चढ़ा पत्नी के शक से परेशान युवक, कहा- मुझे पत्नी नहीं, उसका भरोसा चाहिए

पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले में एक शख्स मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया. लोगों की भीड़ जमा हो गई. युवक का कहना है कि उसकी पत्नी दूसरी महिलाओं से संबंध होने का आरोप लगाती है. वो उसपर भरोसा नहीं करती है. युवक का कहना है कि उसे पत्नी नहीं, उसका भरोसा चाहिए.

Asansol News Asansol News

पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के अंडाल थाना क्षेत्र में एक युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया. इसके बाद हंगामा खड़ा हो गया. पत्नी के लगातार अविश्वास और आरोपों से परेशान 37 साल लखन बाउरी मोबाइल टावर पर चढ़ गया. बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

मोबाइल टॉवर पर चढ़ा शख्स-
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लखन बाउरी सुबह घर से निकला और कुछ देर बाद पास के मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया. ऊंचाई पर पहुंचकर वह अपनी पत्नी को आवाज लगाने लगा. शुरुआत में लोगों को आशंका हुई कि वह आत्मघाती कदम उठा सकता है. लेकिन बाद में उसने खुद ही साफ कर दिया कि उसका इरादा जान देने का नहीं है.

पत्नी के आरोपों से परेशान था शख्स-
टावर पर खड़े लखन ने लोगों से कहा कि उसकी पत्नी उस पर पड़ोस की महिलाओं के साथ संबंध होने का बेबुनियाद आरोप लगाती है. उसने कई बार पत्नी को समझाने की कोशिश की कि उसके जीवन में किसी दूसरी महिला की कोई जगह नहीं है. लेकिन उसकी बात पर भरोसा नहीं किया जा रहा. इसी मानसिक तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया.

युवक बार-बार यही कहता रहा कि उसे अपनी पत्नी नहीं, बल्कि उसका भरोसा चाहिए. उसने कहा कि वह अपनी पत्नी से बेहद प्यार करता है और उसी के साथ जीवन बिताना चाहता है. लेकिन लगातार लगाए जा रहे आरोप उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं.

काफी मेहनत के बाद नीचे उतरा शख्स-
सूचना मिलने पर आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंडाल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने सबसे पहले सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की और फिर काफी देर तक युवक से बातचीत कर उसे शांत करने का प्रयास किया. लंबी मशक्कत और समझाइश के बाद लखन आखिरकार टॉवर से सुरक्षित नीचे उतर आया.

पुलिस उसे थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई साथ ही उसके परिजनों और पत्नी से भी बातचीत की गई. प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद और आपसी अविश्वास से जुड़ा पाया गया. पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत के जरिए मतभेद दूर करने की सलाह दी है.

वायरल हुआ वीडियो-
घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. कई लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. टावर पर चढ़े युवक को देखकर कई लोग फिल्म 'शोले' के वीरू वाले मशहूर दृश्य से इसकी तुलना करते नजर आए.

(अनिल गिरी की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: