151 Bottles of Liquor
151 Bottles of Liquor
बेतिया के चनपटिया में शराब तस्करी का अनोखा तरीका सामने आया है. रतनपुरा गांव में पुलिस ने एक घर में छापेमारी कर घास काटने वाली मशीन के नीचे जमीन के अंदर बनाए गए तहखाने से शराब की खेप बरामद की. बाहर से यह जगह बिल्कुल सामान्य दिखाई देती थी. पुलिस को तलाशी के दौरान जमीन के नीचे शराब छिपाकर रखने का पता चला. मामले में पुलिस ने 47 वर्षीय जोखू साह को गिरफ्तार किया है.
मशीन के नीचे जमीन में बनाया था गुप्त तहखाना
पुलिस के अनुसार, जोखू साह ने शराब छिपाने के लिए घर में खास इंतजाम कर रखा था. घास काटने वाली मशीन के नीचे जमीन खोदकर एक तहखाना बनाया गया था. इसके ऊपर मशीन रखी हुई थी, जिससे किसी को आसानी से शक न हो. पुलिस ने तलाशी के दौरान जब इस जगह को जांचा तो जमीन के नीचे शराब का स्टॉक मिला.
तहखाने से 151 पीस शराब बरामद
पुलिस ने बताया कि गुप्त तहखाने से कुल 151 पीस शराब बरामद हुई. इनमें 86 पीस स्ट्रॉंग प्रीमियम बियर और 65 पीस 8 पीएम इंडियन ग्रेन व्हिस्की शामिल हैं. शराब मिलने के बाद पुलिस ने जोखू साह को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
पुराने आपराधिक मामलों की भी जांच
छापेमारी के बाद पुलिस अब शराब की खेप के स्रोत का पता लगाने में जुटी है. जांच की जा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार जोखू साह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. ऐसे में उसके पुराने मामलों के साथ शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: