scorecardresearch

बागपत में 'शोले पार्ट-2'...रूठी प्रेमिका मनाने को टॉवर पर चढ़ा आशिक, बलिया से बागपत खींच लाई मोहब्बत

बागपत में फिल्म 'शोले' का मशहूर सीन उस वक्त हकीकत में नजर आया, जब रूठी प्रेमिका को मनाने के लिए एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. फर्क सिर्फ इतना था कि यहां वीरू की जगह विशाल था, पानी की टंकी की जगह मोबाइल टावर और बसंती की जगह सुजाता.

Advertisement
Bagpat Lover Bagpat Lover

बागपत में फिल्म 'शोले' का मशहूर सीन उस वक्त हकीकत में नजर आया, जब रूठी प्रेमिका को मनाने के लिए एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. फर्क सिर्फ इतना था कि यहां वीरू की जगह विशाल था, पानी की टंकी की जगह मोबाइल टावर और बसंती की जगह सुजाता. फिल्मी अंदाज में युवक की मांग भी वही थी-प्रेमिका से शादी.. घंटों चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने किसी तरह युवक को नीचे उतारा और दोनों के बीच बातचीत कराई.

दरअसल, पूरा मामला बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र के बामनौली गांव का है. यहां उस वक्त लोगों की भीड़ जुट गई, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़कर बैठ गया. युवक को टावर पर बैठा देखकर लोग हैरान रह गए. देखते ही देखते मौके पर तमाशबीनों की भीड़ लग गई. मामला गंभीर होता देख किसी ने डायल-112 पुलिस को सूचना दे दी.

शादी करने की जिद लेकर बागपत पहुंचा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के बारे में जानकारी जुटाई. पता चला कि टावर पर चढ़ा युवक बलिया जिले के तिवारीके मिल्की गांव का रहने वाला विशाल है. वह अपनी नाराज प्रेमिका सुजाता को मनाने और उससे शादी करने की जिद लेकर बागपत पहुंचा था. पूछताछ में विशाल ने बताया कि वह बिजनौर की रहने वाली सुजाता से प्यार करता है. दोनों गुजरात की एक कंपनी में साथ काम करते थे. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे. कुछ समय बाद सुजाता गुजरात से वापस आ गई और बागपत के आदमपुर गांव में अपनी बहन के पास रहने लगी.

सुजाता चाहती थी जल्दी शादी करना
विशाल चाहता था कि सुजाता उसके साथ वापस चले, लेकिन बात नहीं बनी. इसी बीच दोनों के बीच शादी को लेकर भी विवाद हो गया. विशाल के मुताबिक सुजाता उससे जल्द शादी करना चाहती थी. वहीं विशाल ने पहले अपनी बहन की शादी करने और उसके बाद सुजाता से विवाह करने की बात कही. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. नाराज सुजाता ने विशाल के साथ शादी करने से इनकार कर दिया और उसे अपने गांव लौट जाने के लिए कह दिया.

प्रेमिका को मनाने बागपत पहुंचा विशाल
प्रेमिका की नाराजगी से परेशान विशाल उसे मनाने के लिए बागपत पहुंच गया. जब बातचीत से बात नहीं बनी तो उसने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने पूरे गांव का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. विशाल सीधे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ. मोबाइल टावर पर युवक के चढ़ने की सूचना से पुलिस के सामने भी चुनौती खड़ी हो गई. पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक विशाल को समझाने का प्रयास किया. आखिरकार, समझा-बुझाकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. इसके बाद पुलिस ने विशाल की प्रेमिका सुजाता से उसकी बातचीत कराई.

शादी की बात पर बनी सहमति
बातचीत के दौरान शादी को लेकर दोनों के बीच सहमति बनी. तय हुआ कि विशाल पहले अपनी बहन की शादी करेगा और इसके बाद दोनों अपनी शादी को लेकर आगे बढ़ेंगे. इस तरह टावर पर चढ़कर प्रेमिका को मनाने का यह फिल्मी ड्रामा आखिरकार खत्म हो गया. पुलिस ने विशाल को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद उसे समझाया और फिलहाल बलिया भेज दिया.

ये भी पढ़ें: