scorecardresearch

नाबालिग से बलात्कार के मामले में पंचायत का 'तालिबानी' फरमान... मुकदमे से बचाने के लिए आरोपी से शादी का फैसला सुना दिया

किशोरी की मां ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि करीब एक साल पहले गांव के ही युवक ने उनकी 16 वर्षीय बेटी को डराकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें ले ली थीं. इसके बाद आरोपी तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर किशोरी का लगातार शारीरिक शोषण करता रहा.

Advertisement
 नाबालिक से बलात्कार के मामले में पंचायत का तालिबानी फरमान नाबालिक से बलात्कार के मामले में पंचायत का तालिबानी फरमान

उत्तर प्रदेश के बरेली में नाबालिग से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोपों के बाद गांव की पंचायत पर गैर-कानूनी तरीके से मामला दबाने की कोशिश करने का आरोप लगा है. शीशगढ़ थाना क्षेत्र में कथित तौर पर पंचायत ने दोनों परिवारों पर दबाव बनाकर आरोपी युवक और 16 वर्षीय किशोरी के बीच रोका और टीका की रस्म कराई. पंचायत में यह फैसला भी सुनाए जाने की बात सामने आई है कि किशोरी के बालिग होने के बाद उसकी शादी आरोपी युवक से करा दी जाएगी.

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, पूर्व में मिली शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर किशोरी का मेडिकल कराया जा रहा है. आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

करीब एक साल से ब्लैकमेल करने का आरोप
किशोरी की मां ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि करीब एक साल पहले गांव के ही युवक ने उनकी 16 वर्षीय बेटी को डराकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें ले ली थीं. इसके बाद आरोपी तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर किशोरी का लगातार शारीरिक शोषण करता रहा. परिजनों के मुताबिक, किशोरी काफी समय से डरी-सहमी रह रही थी. जब परिवार ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी बात बताई. इसके बाद परिजनों ने आरोपी के परिवार से शिकायत की. आरोप है कि वहां भी उन्हें धमकियां दी गईं.

शिकायत के बाद गांव में बुलाई गई पंचायत
परिजन इसके बाद शीशगढ़ थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की. आरोप है कि शिकायत की जानकारी के बाद गांव में दोनों पक्षों और स्थानीय लोगों को बुलाकर पंचायत बैठाई गई. किशोरी के परिवार का आरोप है कि पंचायत में उन पर पुलिस कार्रवाई नहीं करने का दबाव बनाया गया. इसी दौरान दोनों परिवारों के बीच समझौता कराने की कोशिश की गई. इसके बाद आरोपी युवक और किशोरी का रोका-टीका कराया गया. पंचायत में कथित तौर पर यह तय किया गया कि किशोरी के बालिग होने के बाद उसकी शादी आरोपी युवक से कर दी जाएगी.

परिवार अब समझौते की बात कह रहे
मामला सामने आने के बाद जब मीडिया की टीम गांव पहुंची तो दोनों पक्षों के परिजन आपस में समझौता होने की बात कहते नजर आए. हालांकि, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पहले मिली शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि नाबालिग से जुड़े मामले में कानून के मुताबिक जांच की जा रही है. किशोरी का मेडिकल कराया जा रहा है और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

पुलिस बोली- जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
एसपी नॉर्थ मुकेश चंद मिश्रा के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं, शीशगढ़ थाना प्रभारी वीरेंद्र पाल ने शुरुआती जानकारी के आधार पर इसे प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला बताया था और कहा था कि लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी. बाद में पुलिस ने पूर्व में मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस अब आरोपों, पंचायत में हुए घटनाक्रम और दोनों पक्षों के बयानों की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: