scorecardresearch

Bareilly News: मुर्गा हिरासत में... मालिक को भी जेल, जानें पूरा मामला

Cock Fight: उत्तर प्रदेश के बरेली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां कुछ लोग मुर्गों की लड़ाई पर दांव खेल रहे थे. सूचना पर पहुंची पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया. 7 मुर्गों को भी हिरासत में ले लिया. आइए पूरा मामला जानते हैं. 

Cock Fight Cock Fight

उत्तर प्रदेश के बरेली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां पुलिस ने मुर्गों को हिरासत में ले लिया है और उनके मालिक को जेल भेज दिया है. दरअसल, भोजीपुरा पुलिस थाना क्षेत्र में कुछ लोग मुर्गों की लड़ाई पर दांव खेल रहे थे. इसकी सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया. 7 लड़ाकू मुर्गों को भी हिरासत में ले लिया. पुलिस ने मौके से 2910 रुपए नकद बरामद किए हैं. 

आरोपी आम के बाग में मुर्गों की लड़ाई लड़ा रहे थे और जुआ खेल रहे थे. इसी दौरान पुलिस पहुंची और मुर्गों को और उनके मालिकों को हिरासत में लेकर थाना पहुंच गई. आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है. मामले में जानकारी देते हुए एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया थाना भोजीपुरा पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लिया है. पशु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

मुर्गों की लड़ाई का कई दिनों से खेला जा रहा था खेल 
क्षेत्र में पिछले कई दिनों से मुर्गों की लड़ाई का का खेल खेला जा रहा था. पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सैदपुर प्यारेलाल स्थित एक आम के बाग में मुर्गों की लड़ाई कराकर बड़े पैमाने पर जुए का खेल चल रहा है. सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की. मौके पर कई लोग मुर्गों की लड़ाई पर रुपए लगाकर जुआ खेलते मिले. पुलिस ने पूरे बाग को चारों ओर से घेर लिया. पुलिस को देखकर कुछ लोग भाग निकले, जबकि 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

सरगना फरार, पुलिस कर रही तलाश
पुलिस जांच में सामने आया कि सैदपुर प्यारेलाल निवासी राजा नामक व्यक्ति मुर्गों की लड़ाई आयोजित करता था. पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि वे राजा के अड्डे पर ही जुआ खेलने पहुंचे थे. पुलिस ने मौके से जिन आरोपियों को हिरासत में लिया है, उनकी पहचान मकसूद खां निवासी टिगरी थाना शीशगढ़, अख्तर खां निवासी दहिया थाना भोजीपुरा, साजिद निवासी कस्बा शेरगढ़, पप्पू मौर्य निवासी कर्मचारी नगर प्रेमनगर, तेजपाल निवासी मुड़िया चौधरी थाना क्योलड़िया और भुलइया निवासी सनौआ थाना सीबीगंज के रूप में हुई है. 

मुर्गे मचा रहे थाने में उत्पात
पुलिस ने मौके से 7 लड़ाकू मुर्गों को भी अभिरक्षा में लिया है. चूंकि कार्रवाई में इनका जिक्र होने की वजह से ये भी माल मुकदमा हो गए हैं लेकिन इनको थाने में ज्यादा समय रख पाना संभव नहीं हो पा रहा है. मुर्गे थाने में इधर से उधर धमाचौकड़ी कर रहे हैं और गंदगी भी फैला रहे हैं. पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि गांव के किसी प्रबुद्ध व्यक्ति या प्रधान को इन मुर्गों को सुपुर्दगी में दिया जाएगा. इनको सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी तय होगी ताकि कार्रवाई के दौरान जरूरत के समय इन्हें पेश किया जा सके.

(कृष्ण गोपाल राज की रिपोर्ट)