Bengal Mango Mela
Bengal Mango Mela
दिल्ली के चितरंजन पार्क (CR Park) में पहली बार पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से 'बंगाल मैंगो मेला और हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट एक्सपो 2026' का आयोजन किया गया है. 5 जुलाई तक चलने वाले इस मेले में पश्चिम बंगाल से लाए गए 12 तरह के खास आम लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. आमों के साथ-साथ बंगाल के हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जहां खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. मेले में पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष भी पहुंचे और बंगाल के आमों का स्वाद लिया.
दिल्ली में आसानी से नहीं मिलते ये आम
मेले में हिमसागर, फ़ज़ली, लंगड़ा, लखन भोग, कृष्ण भोग, अमित भोग और अमरपाली समेत 12 किस्मों के आम उपलब्ध हैं. पश्चिम बंगाल के रहने वाले विभूति दास ने बताया कि उनका बचपन मालदा जिले में बीता है, इसलिए वहां के आमों से उनका खास लगाव है. उन्होंने कहा कि फ़ज़ली आम देखने में साधारण लगता है, लेकिन स्वाद बेहद शानदार होता है. वहीं हिमसागर आम दिल्ली में आसानी से नहीं मिलता, इसलिए इसकी सबसे ज्यादा मांग देखने को मिल रही है.
CR पार्क में पहली बार आयोजन
आम विक्रेता पवन कुमार मंडल ने बताया कि इस बार पहली बार चितरंजन पार्क में इस मेले का आयोजन किया गया है. पहले यह मेला जनपथ में लगता था. चूंकि CR पार्क में बड़ी संख्या में बंगाली परिवार रहते हैं, इसलिए यहां लोगों का उत्साह काफी ज्यादा है. उन्होंने बताया कि सभी आम सीधे पश्चिम बंगाल से मंगाए गए हैं और लोगों का रिस्पॉन्स उम्मीद से बेहतर मिल रहा है. खासकर हिमसागर, लंगड़ा और अमरपाली की सबसे ज्यादा बिक्री हो रही है.
लोग बोले- हर साल होना चाहिए ऐसा आयोजन
मेले में खरीदारी करने पहुंचीं प्रियंका ने कहा कि यह बहुत अच्छा आयोजन है. इससे दिल्ली में रहने वाले लोगों को बंगाल के असली स्वाद का अनुभव मिल रहा है. उनका कहना है कि सरकार को इस तरह के फूड और सांस्कृतिक मेले हर साल आयोजित करने चाहिए. फल विक्रेता घोष ने भी बताया कि चितरंजन पार्क में बंगाली समुदाय अधिक होने के कारण इस बार मेले को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और लोग अपने पसंदीदा आम खरीदने पहुंच रहे हैं.
बंगाल की संस्कृति और स्वाद को दिल्ली तक पहुंचाने की कोशिश
चितरंजन पार्क लंबे समय से दिल्ली में बंगाली संस्कृति का प्रमुख केंद्र माना जाता है. यहां दुर्गा पूजा के भव्य आयोजन भी होते हैं. ऐसे में पश्चिम बंगाल सरकार ने पहली बार इसी इलाके में मैंगो मेला आयोजित कर बंगाल के स्वाद और संस्कृति को लोगों तक पहुंचाने की पहल की है. बंगाली समुदाय के अलावा दिल्ली के अन्य इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंच रहे हैं और पश्चिम बंगाल के खास आमों के साथ-साथ हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट उत्पादों की भी खरीदारी कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: